सांसद परनीत कौर ने बदली प्रोफाइल पिक्चर।
- फोटो : अमर उजाला
कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और कांग्रेस सांसद परनीत कौर बागी हो गई हैं। उन्होंने भी कांग्रेस पार्टी छोड़ने के संकेत दिए हैं। परनीत ने अपने फेसबुक व ट्विटर अकाउंट की डीपी से कांग्रेस हटाकर कैप्टन फॉर 2022 की तस्वीर लगा दी है। परनीत का यह कदम पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी की ओर से उन्हें जारी कारण बताओ नोटिस का भी जवाब माना जा रहा है। परनीत कौर को कांग्रेस की ओर से पार्टी विरोधी गतिविधियां करने का आरोप लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करके सात दिनों के अंदर जवाब मांगा गया था।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के सीएम पद से इस्तीफे के बाद से परनीत कौर ने कांग्रेस में रहने या फिर कैप्टन की पार्टी में जाने संबंधी चुप्पी साध रखी थी। पिछले दिनों जब मोती महल के करीबी संजीव शर्मा बिट्टू की मेयर की कुर्सी खतरे में पड़ी और उनके खिलाफ कैबिनेट मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा के समर्थक पार्षद अविश्वास प्रस्ताव लाए तो बिट्टू की कुर्सी बचाने के लिए परनीत ने सरकार समर्थक पार्षदों की खिलाफत की। इसके बाद पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने परनीत को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें परनीत पर पार्टी विरोधी गतिविधियां करने के आरोप लगाते जवाब मांगा गया था कि वह साफ करें कि क्या वह अपने पति कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ हैं।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद अपनी पार्टी 'पंजाब लोक कांग्रेस' का गठन किया है। कैप्टन पटियाला से पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ चुनाव लड़ने का एलान भी कर चुके हैं।
सिद्धू पर साधा था निशाना
परनीत कौर प्रदेश कांग्रेस में हुई उठापटक को कैप्टन के साथ अन्याय और नवजोत सिद्धू की साजिश करार दे चुकी हैं। परनीत कौर एक बयान में कह चुकी हैं कि कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया। परनीत कौर के साथ ही इस बार उनकी बेटी जयइंदर कौर भी सियासी तौर पर पटियाला में सक्रिय हो गईं हैं और माना जा रहा है कि वह 2022 के विधानसभा चुनाव में उतरेंगी।