मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जहरीली शराब मामले में शनिवार को आबकारी एवं कराधान विभाग के 7 अधिकारी व इंस्पेक्टर और पंजाब पुलिस के दो डीएसपी व चार एसएचओ को निलंबित कर इनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
फेसबुक पर ‘कैप्टन से सवाल’ प्रोग्राम की 13वीं कड़ी के दौरान मुख्यमंत्री ने आबकारी एवं कराधान अधिकारी (ईटीओज) के निलंबन का ऐलान किया, जिनमें गुरदासपुर से लवजिंदर बराड़, अमृतसर से बीएस चाहल और तरन तारन से मधुर भाटिया शामिल हैं। इसी तरह आबकारी एवं कराधान इंस्पेक्टर, जिन्हें तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वे हैं- रवि कुमार (गुरदासपुर), गुरदीप सिंह (अमृतसर), फतेहबाद से पुखराज और तरन तारन सीटी से हितेश प्रभाकर।
इनके अलावा, ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में निलंबित किए पुलिस अधिकारियों में डीएसपी जंडियाला (अमृतसर ग्रामीण) और डीएसपी सब-डिवीजन तरन तारन के अलावा थाना तरसिक्का (अमृतसर ग्रामीण), सीटी बटाला (बटाला पुलिस जिला), थाना सदर तरन तारन और थाना सीटी तरन तारन के एसएचओज शामिल हैं।
उधर, तरनतारन के एसएसपी ने बताया कि एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने आज 82 स्थानों से 375 लीटर अवैध शराब, 16 लीटर अल्कोहल, और 4 हजार 410 किलो लाहन बरामद की है। पुलिस ने विभिन्न थानों में 14 मुकदमे भी दर्ज किए हैं।