पंजाब-हरियाणा में तीन दिन बाद 19 जुलाई को फिर से मानसून सक्रिय होगा। मौसम विभाग ने हरियाणा के तीन और पंजाब के पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कोई अप्रिय घटना न घटित हो इसको देखते हुए जिला प्रशासन को यलो अलर्ट पर रखा गया है। शुक्रवार को भी दोनों राज्यों में मानसून मेहरबान रहा। हरियाणा में सामान्य बारिश 5.6 एमएम के मुकाबले 126 तो पंजाब में 5.1 एमएम के मुकाबले 323 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है उनमें माझा के पठानकोट, दोआबा के होशियारपुर, नवांशहर और पूर्वी मालवा के रोपड़, मोहाली शामिल हैं। वहीं हरियाणा के उत्तरी जिलों में शामिल पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भी भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 16, 17 और 18 जुलाई को दोनों राज्यों के सभी जिलों में आंशिक बारिश की मौसम विभाग ने संभावना जताई है।
वहीं, शुक्रवार को भी दोनों राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। पंजाब में सामान्य से 323 प्रतिशत और हरियाणा में 126 फीसदी अधिक बारिश हुई। पंजाब के सात जिले ऐसे रहे जिनमें सामान्य से कम बारिश हुई। हरियाणा के भी 8 जिले ऐसे रहे जहां सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को चंडीगढ़ में भी सामान्य से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। सिटी ब्यूटीफुल में 51.3 एमएम बारिश हुई जो सामान्य से 366 प्रतिशत अधिक है।
पंजाब: फरीदकोट में 5759 फीसदी ज्यादा बारिश
पंजाब के 16 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। सबसे अधिक फरीदकोट में सामान्य 1.7 एमएम बारिश के मुकाबले 99.6 एमएम बारिश हुई, जो 5759 प्रतिशत अधिक बारिश दर्शाता है। वहीं फिरोजपुर में 2.8 एमएम सामान्य बारिश के मुकाबले 1672 प्रतिशत, मुक्तसर में 6.2 एमएम सामान्य बारिश के मुकाबले 1203, फाजिल्का में 3.6 एमएम के मुकाबले 969, होशियारपुर में 4.0 एमएम सामान्य बारिश के मुकाबले 720 प्रतिशत, बठिंडा में 3.0 सामान्य बारिश के मुकाबले 544 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।
हरियाणा के कैथल में खूब बरसे बदरा
हरियाणा के कैथल में शुक्रवार को 3.0 सामान्य बारिश के मुकाबले 1095 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। दूसरे नंबर पर फतेहाबाद में 2.3 सामान्य बारिश के मुकाबले 996, हिसार में 2.7 सामान्य बारिश के मुकाबले 644, करनाल में 6.3 एमएम सामान्य बारिश के मुकाबले 514 प्रतिशत, जींद में सामान्य बारिश 5.1 एमएम के मुकाबले 422 प्रतिशत सामान्य से अधिक बारिश हुई।