छेड़छाड़ के मामलों में अब युवतियां खुद ही अपनी सुरक्षा का जिम्मा उठाने लगी है। ऐसे ही दो मनचलों को चंडीगढ़ में एक युवती ने सबक सिखाया।
यहां सेक्टर-38 वेस्ट की एक युवती को हॉर्न बजाकर तंग करना स्कोडा सवार युवकों को महंगा पड़ गया। युवती ने पुलिस को मौके पर बुलाया और दोनों को गिरफ्तार करवा दिया। हालांकि बाद में उन्हें पुलिस ने जमानत पर रिहा कर दिया।
हुआ यूं कि शुक्रवार शाम को युवती जब घर जा रही थी तो घर से कुछ ही दूरी पर स्कोडा सवार युवकों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने बताया कि स्कोडा सवार दोनों युवक उसके पीछे आए और आपत्तिजनक हरकतें शुरू कर दी। उसने पुलिस को इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर वारदात की सूचना दी।
सेक्टर-39 के थाना प्रभारी रंजोत सिंह के अनुसार आरोपियों की पहचान सेक्टर-38 वेस्ट के हिमांशु बगरी व सेक्टर-44 के सनमबीर के रूप में हुई है। दोनों हॉर्न बजाकर लड़की को परेशान कर रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि वे दोनों पहले से परिचित हैं। हालांकि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।