दहेज उत्पीड़न के मामले में लुधियाना के उद्योगपति की बेटी को परेशान करने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने हरियाणा के मंत्री असीम गोयल के पार्टनर अरविंद अग्रवाल उर्फ लक्की और उसके बेटे हिमांशु अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए अंबाला में दबिश देनी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि जल्द ही कमिश्नरेट पुलिस हरियाणा के मंत्री असीम गोयल से पूछताछ करने के लिए उन्हें बुला सकती है। अदालत में लगाई गई जमानत याचिका भी खारिज कर दी गई है। इसके बाद अब मंत्री असीम गोयल के नजदीकी साथी के परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
असीम पर है दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित विवाहिता ने दी गई शिकायत में राज्य मंत्री असीम गोयल के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाए हैं। एफआईआर में पीड़िता ने कहा है कि उसके माता-पिता यह सब चुपचाप सहते रहे। पति हिमांशु दबाव बनाने के लिए कुछ ही दिन बाद असीम गोयल से बात करवाने लगा। असीम रौब डालते हुए कहते कि हिमांशु नाराज नहीं होना चाहिए। इसके बाद उन्हें लगातार परेशान किया जाने लगा। इसके बाद कई तरह से प्रताड़ित भी किया गया जिससे तंग आकर उसने पुलिस को शिकायत दी।
मंत्री को अभी नोटिस नहीं
थाना वुमन सेल की इंचार्ज इंस्पेक्टर दपिंदर कौर ने बताया कि हरियाणा के मंत्री को अभी पूछताछ के लिए कोई नोटिस किया नहीं है। उन्हें पूछताछ के लिए जल्द ही बुलाया जाएगा। पूछताछ के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा कि उनका कितना रोल है।