रमनदीप कौर कनाडा में बनीं पुलिस अधिकारी (मध्य में)
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना के दाखा के गांव मोर करीमा की रमनदीप कौर ने कनाडा की एलबर्टा स्टेट में पुलिस अफसर बनकर जिले का नाम रोशन किया है। रमनदीप कौर के पिता हरि सिंह भी पंजाब पुलिस में बतौर एएसआई सेवा निभा रहे हैं और इस समय वह डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस हेड क्वार्टर के बतौर रीडर तैनात हैं। माता बलप्रीत कौर और एएसआई हरि सिंह के घर पैदा हुई रमनदीप कौर ने अपनी पढ़ाई मेडिकल स्ट्रीम में सेक्रेट हार्ट कान्वेंट स्कूल जगरांव से की।
इसके बाद वह उच्च शिक्षा लेने कनाडा चली गईं। वहां रमनदीप कौर ने मेडिकल की पढ़ाई करने के बाद पीआर ले ली और वहां की नागरिकता हासिल की। अब एलबर्टा स्टेट के एडमिंटन शहर में बतौर पुलिस अफसर नियुक्ति हासिल की है।
रमनदीप कौर के पिता एएसआई हरि सिंह ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही उन्हें वर्दी में देखती आई है। इस कारण पुलिस की यूनिफार्म के साथ छोटी उम्र से ही उसका लगाव हो गया था। उन्होंने हमेशा अपनी बेटी को मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की प्रेरणा दी है।
अब उन्हें पूरी आस है कि उनकी बेटी बतौर पुलिस अधिकारी बनकर पंजाबियों का सिर फक्र से ऊंचा करेगी। अपनी उपलधि का सेहरा अपने परिवार और अध्यापकों के सिर पहनाने वाली रमनदीप कौर ने बताया कि परिवार की अच्छी सोच के चलते ही वह सपने को साकार कर सकी हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने उन्हें अच्छी शिक्षा, संस्कार दिए हैं और हमेशा ही आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया है।