भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सर्वसम्मति से चंडीगढ़ से तीन नाम फाइनल करके केंद्रीय समिति को भेज दिए हैं। सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम में मंगलवार देर शाम बैठक में सांसद किरण खेर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन और पूर्व सांसद सतपाल जैन का नाम तय किया गया। इन नामों पर फैसला केंद्रीय समिति करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, इसी महीने प्रत्याशी का एलान होने की संभावना है। चंडीगढ़ प्रदेश प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन मंत्री दिनेश कुमार, प्रदेश महामंत्री प्रेम कौशिक और चंद्रशेखर, सांसद किरण खेर, संजय टंडन, पूर्व सांसद सतपाल जैन, उपाध्यक्ष रघुबीर अरोड़ा, मेयर राजेश कालिया और पार्षद सुनीता धवन मौजूद रहीं।