चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर नई जानकारी सामने आई है। दरअसल, दो नई व्यवस्थाएं होने जा रही हैं, जिसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। एयरपोर्ट पर कैट-3 इंस्टाल करने के लिए टाटा सीड अब पुरानी कीमत ही लेगी। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने इससे पहले टाटा पर विश्वास जताते हुए कहा था कि टाटा ने देश के लिए बहुत से कार्य किए हैं और यह एयरपोर्ट जनहित से जुड़ा मुद्दा है, इस पर टाटा सीड गौर करेगी।
इसके बाद कंपनी ने निर्णय लिया कि वह 61 करोड़ के स्थान पर पुरानी तय की गई 30.40 करोड़ की कीमत पर ही काम करेगी। मंगलवार को सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने सभी आशंकाओं को समाप्त करते हुए साफ कर दिया है कि कैट-3 लाइटनिंग सिस्टम को इंस्टॉल करते समय एयरपोर्ट को बंद करने की जरूरत नहीं होगी। हाईकोर्ट को बताया गया कि एयरपोर्ट पर कैट-3 इंस्टॉल करने में टाटा सीड से बात पूरी हो गई है।
टाटा कैट-3 पुरानी कीमत पर इंस्टॉल करने के लिए राजी हो गया है। इस बीच यह भी बताया गया कि चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब 1 अप्रैल की बजाय 10 अप्रैल से 24 घंटे के लिए पूरी तरह से ऑपरेशनल हो जायेगा।