फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में ईवीएम की सख्त पहरेदारी, हिफाजत को 39 कंपनियां तैनात, मतगणना में कुछ घंटे शेष

Thu, 23 May 2019 12:14 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : PTI
विज्ञापन

पंजाब में 13 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पंजाब में 21 स्थानों पर ईवीएम की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल की 39 कंपनियों को तैनात किया गया है। पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान 19 मई को हुआ था। पूरे प्रदेश में 24 महिलाओं सहित 278 उम्मीदवार मैदान में हैं।

विज्ञापन


पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. एस. करुणा राजू ने बताया कि अर्धसैनिक बलों की 39 कंपनियों की तैनाती के साथ मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आमतौर पर, अर्धसैनिक बलों की एक कंपनी में लगभग 100 सुरक्षाकर्मी होते हैं। डा. राजू ने बताया कि वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू होगी। पंजाब में इस बार 65.96 प्रतिशत मतदान हुआ जो 2014 के लोकसभा चुनावों की तुलना में लगभग पाँच प्रतिशत कम रहा।

प्रदेश के 2.07 करोड़ मतदाताओं में से 1.37 करोड़ ने पंजाब में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से रैंडम तरीके से चुने गए पांच मतदान केंद्रों पर वीवीपैट की पर्चियों की गिनती के साथ प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों के अंतिम परिणाम 9 बजे तक घोषित होने की उम्मीद है।

विज्ञापन
विज्ञापन

585 पोलिंग बूथों के वीवीपैट की पर्चियों का होगा मिलान

डा. राजू ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों से वीवीपैट का मिलान किया जाएगा और उसके लिए अलग व्यवस्था की गई है। यह एक मैनुअल काम है, इसलिए इसमें समय लगेगा। उन्होंने राजनीतिक दलों और आम लोगों से अंतिम परिणाम के लिए धैर्य रखने की अपील की। 

पंजाब में 117 विधानसभा क्षेत्र हैं और 585 मतदान केंद्रों से वीवीपैट की पर्चियों की गिनती की जाएगी। डा. राजू ने कहा कि हालांकि, होशियारपुर निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतगणना पहले पूरी होने की उम्मीद है, क्योंकि इस लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों की संख्या सिर्फ आठ है जो सभी 13 लोकसभा क्षेत्रों में सबसे कम है।

इन प्रमुख उम्मीदावारों की किस्मत लगी है दांव पर
जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है, उनमें शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल, अभिनेता से नेता बने सनी देओल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल व हरदीप सिंह पुरी और कांग्रेस के दिग्गज नेता सुनील जाखड़, परनीत कौर और मनीष तिवारी हैं। 

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है क्योंकि उन्होंने राज्य की सभी 13 सीटें जीतने का दावा किया है। चुनाव परिणाम यह भी तय करेंगे कि शिअद जो बेअदबी के मामले का सामना कर रहा है, जनता के बीच अपना विश्वास हासिल कर पाता है या नहीं।

2017 के विधानसभा चुनाव में, शिअद को तीसरा स्थान मिला और वह 117 विधानसभा क्षेत्रों की सिर्फ 15 सीटें ही हासिल कर सका था। उधर, संगरूर लोकसभा सीट, जहां से आप की राज्य इकाई के प्रमुख भगवंत मान चुनाव लड़ रहे हैं, पार्टी के लिए एकमात्र उम्मीद हैं।

पार्टी ने राज्य में 2014 के लोकसभा चुनावों में चार सीटें जीतकर कई लोगों को चौंका दिया था। 2014 के लोकसभा चुनावों में, शिअद-भाजपा गठबंधन ने छह सीटें जीती थीं। आप और कांग्रेस ने क्रमशः चार और तीन सीटें हासिल की थीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें