कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने टिकटों को लेकर मचे हंगामे पर कहा कि टिकट को लेकर खींचतान होना स्वाभाविक है पर टिकट एक को ही मिलेगी। पार्टी के सच्चे सिपाही होने के नाते पार्टी के लिए ही काम करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि एक राज्य में एक ही सीएम होता है, यह पार्टी हाईकमान तय करता है कि वो कौन होगा।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है तो कल भी गरीबों के साथ खड़ी थी, आज भी खड़ी है और आगे भी खड़ी मिलेगी। कांग्रेस गरीबों का स्तर ऊंचा उठाना चाहती है, हर बार उनके बारे में सोचती है उनका कल्याण चाहती है। कांग्रेस हर परिवार को सम्मान और समान अवसर प्रदान करना चाहती है, 36 बिरादरी कांग्रेस के साथ है और कांग्रेस 36 बिरादरी के साथ है। कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। कांग्रेस ने जनता से जो वायदा किया वह पूरा करके दिखाया, कांग्रेस ने जनता से कभी झूठे वायदे नहीं किए। यहीं वजह है कि आज चुनावी हवा कांग्रेस के पक्ष में है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा एकमात्र ऐसा प्रदेश है जहां पर पेपर लीक में कीर्तिमान स्थापित हुआ है, ऐसी कोई परीक्षा नहीं है जो किसी न किसी कारण से बाधित न हुई हो, बार-बार पेपर लीक होने से विद्यार्थी-अभ्यर्थी परेशान है और भाजपा अभी तक अंजान बनी हुई है। सरकारी भर्तियों में हर जगह हुए पेपर लीक ने भाजपा की परीक्षा प्रणाली व भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। हरियाणा में हुए पेपर लीक ने युवाओं के सपनों व मेहनत पर पानी फेर दिया है। पेपर लीक के इस बहाव में भाजपा का बहना तय है।