पठानमाजरा ने यह भी कहा कि अगर पंजाब सरकार की खेती शुरु करने की कोई योजना नहीं है तो अफीम के ठेके जरूर खोले जाएं। पठानमाजरा द्वारा उठाए गए मुद्दे का समर्थन करते हुए आप विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर ने कहा कि बीते 15 साल से पंजाब चिट्टे की समस्या से जूझ रहा है, जिसने पंजाब की नौजवानी को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को अफीम की खेती शुरू करने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि वैद्य और डॉक्टर भी अब कई बीमारियों में इसका सेवन करने की सलाह देते हैं। विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने भी अफीम की खेती की मांग करते हुए कहा कि सिंथेटिक ड्रग ने पंजाब में बड़ी संख्या में घर बर्बाद कर दिए हैं और कई माताओं ने बेटे गंवा दिए हैं। बाजीगर ने कहा कि उन्हें लगता है कि सभी सदस्य भी इसके पक्ष में हैं।
इस पर कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने मुस्कुराते हुए कहा कि हालांकि इस मांग से सभी सदस्य सहमत नजर आ रहे हैं। विपक्ष के सदस्य भी बोल नहीं रहे लेकिन सहमत दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैसे उनकी उम्र भी उस तरफ जा रही है, जहां उन्हें भी इसकी जरूरत पड़ सकती है लेकिन फिलहाल सरकार की ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार इसकी खेती को भी एक तरह का नशा मानती है।