पंजाब पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) दिनकर गुप्ता के अवकाश पर चले जाने के बाद राज्य सरकार ने 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी इकबाल प्रीत सिंह सहोता को डीजीपी पद का अतिरिक्त कार्यभार सौंप दिया है। सहोता इस समय पंजाब आर्म्ड बटालियन जालंधर में विशेष डीजीपी के पद पर तैनात हैं।
पंजाब में मुख्यमंत्री बदलते ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि डीजीपी दिनकर गुप्ता को बदला जा सकता है। दिनकर कैप्टन के करीबी बताए जाते हैं। उनकी पत्नी विनी महाजन को चीफ सेक्रेटरी के पद से पहले ही हटाया जा चुका है। चर्चा है कि गुप्ता एक महीने की छुट्टी पर गए हैं।
यह भी पढ़ें - पंजाब की नई कैबिनेट का एलान: कैप्टन के पांच सहयोगियों की छुट्टी, सात नए चेहरे शामिल, कल लेंगे शपथ
कार्यभार संभालने के बाद सहोता ने पुलिस के उच्चधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ लड़ी जा रही जंग को और तेज करने और आपराधिक तत्वों पर लगाम लगाने के अलावा राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने पंजाब पुलिस की अब तक की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वह प्रदेश पुलिस की बेहतरी के लिए भी काम करते रहेंगे।
कौन है इकबाल प्रीत सहोता
कार्यवाहक डीजीपी सहोता ने राज्य पुलिस में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। आर्म्ड बटालियन के विशेष डीजीपी पद पर तैनाती से पहले वे पंजाब होमगार्ड्स एंड कमांडेंट जनरल सिविल डिफेंस के विशेष डीजीपी के अलावा डीजी जेल, एडीजीपी पीएपी जालंधर, एडीजीपी रेलवे पुलिस, एडीजीपी जेल, एडीजीपी पुलिस प्रशासन, डायरेक्टर ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के पदों पर भी उन्होंने सेवाएं दी हैं।