छह हजार करोड़ के ड्रग रैकेट की जांच कर रहे ईडी के स्पेशल डायरेक्टर संजय श्रीनेत ने मंगलवार को भी चार्ज नहीं लिया। वहीं असिस्टेंट डायरेक्टर निरंजन सिंह ने भी अपना पद नहीं छोड़ा है। निरंजन सिंह ने केस से दूरी जरूर बना रखी है। इससे केस की जांच भी धीमी हो गई है।
जानकारी के मुताबिक आईआरएस अधिकारी श्रीनेत समेत 84 अधिकारियों की प्रमोशन कर दी गई है। श्रीनेत अब कस्टम कमिश्नर के ग्रेड पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मुंबई में पद संभाल लिया है। हालांकि उनकी बदली नार्थ जान के ईडी के स्पेशल डायरेक्टर के तौर पर हो चुकी है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि अब वह ज्वाइन नहीं करेंगे। श्रीनेत का तबादला सीवीसी की मंजूरी से हुआ था। ऐसे में अभी नार्थ जोन का चार्ज करनल सिंह के पास ही है। कनरल सिंह शुरू से ड्रग रैकेट की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जालंधर स्थित कार्यालय में केस के जांच अधिकारी सहायक डायरेक्टर निरंजन सिंह ने अपना पद नहीं छोड़ा है। हालांकि उन्होंने जांच में अपना हाथ जरूर रोक दिया है।