गुरु की नगरी में स्वाइन फ्लू से पीड़ित महिला मरीज की मंगलवार को मौत हो गई। इसके बाद सेहत महकमा सतर्क हो गया है। वहीं प्रदेश सरकार ने भी सूबे में हेल्थ अलर्ट जारी कर दिया है।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित महिला का इलाज फोर्टिस अस्पताल में चल रहा था। सेहत विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद शव देर शाम परिजनों को सौंप दिया है।
स्वाइन फ्लू से जान गंवाने वाली महिला मरीज सर्बजीत कौर पत्नी सुच्चा सिंह निवासी संधू कालोनी बटाला रोड की रहने वाली थी। जांच के बाद उसे बीती 16 जनवरी को स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई थी। जिला एप्डोमोजिस्ट डॉ. राजू चौहान का कहना है कि यह बीमारी खतरनाक है।
यह बीमारी प्रभावित पक्षियों से इंसानों में भी फैल जाती है। इसका सही ढंग से और समय पर इलाज नहीं कराया जाए तो रोगी की मौत भी हो जाती है। मृतका के बेटे वीरसचप्रीत सिंह ने बताया कि घर में तीन महीने से नॉनवेज नहीं खाया गया और उसकी मां घर से बाहर भी कम ही निकलती हैं। फिर भी जाने कैसे इस वायरस ने उन्हें जकड़ लिया है।
उधर, सेहत विभाग ने र्फोटिस अस्पताल को संबंधित बीमारी के टैमीफ्लू दवाई भी मुहैया करवाई थी। उसे अलग वार्ड में रखा गया था। सेहत विभाग उसके इलाज पर खास ध्यान दे रहा था। विभाग ने कर्मचारियों को 5 पर्सनल प्रोटेक्शन किट भी जारी की गईं थीं।
अस्पताल के डाक्टरों के साथ-साथ जिला सेहत विभाग के अधिकारी भी पूरी तरह रोगी पर नजर बनाए थे। इसके बावजूद महिला की मौत हो गई। उधर, सरकार की हिदायतों को मुख्य रखते हुए अमृतसर जिले में भी सेहत विभाग ने हेल्थ अलर्ट जारी कर दिया है। मृतका जहां की रहने वाली थी, उस इलाके का सेहत विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है।