21 जून को चंडीगढ़ में दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन हो रहा है। इस आयोजन को एतिहासिक बनाने की हर संभव कोशिश हो रही है। इसलिए वर्ल्ड हेरिटेज के लिए नामांकित कैपिटल कांप्लेक्स को इसका आयोजन स्थल बनाया गया है जो अपने वर्ल्ड क्लास आर्किटेक्ट वर्क के लिए पूरे विश्व में अलग पहचान रखता है।
कैपिटल कांप्लेक्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 30 हजार से अधिक लोग योग करेंगे। 800 ट्रेंड योग शिक्षक 30 हजार लोगों को चंडीगढ़ में चिन्हित 200 स्थानों पर योग प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग देंगे। यह ट्रेनिंग 21 मई से शुरू होकर 21 जून तक चलेगी। ट्रेनिंग से पहले प्रत्येक प्रतिभागी पंजीकरण किया जा रहा है। सभी को आईकार्ड जारी किया जा रहा है। इस डिजिटल कार्ड को टच करने के बाद ही लोगों की मुख्य आयोजन स्थल में 21 जून को एंट्री होगी। ट्रेनिंग का जायजा लेने खुद बाबा रामदेव 11 से 15 जून तक चंडीगढ़ आ रहे हैं। सभी प्रतिभागियों को टीशर्ट, लोअर और योग मैट उपलब्ध करवाया जाएगा। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि 100 योग ट्रेनिंग सेंटर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के बाद भी चलते रहे।
बड़ी शख्सियतों को न्योता
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ट्राइसिटी ही नहीं पूरे देश की नामी शख्सियतों को न्योता दिया जा रहा है। सलमान खान, मिल्खा सिंह, युवराज सिंह, ऐश्वर्या राय जैसी हस्तियों की एक सूची तैयार हुई है।
सुबह 4 बजे ही शुरू हो जाएगी एंट्री
30 हजार से अधिक लोगों के इस कार्यक्रम में आने की उम्मीद है। भीड़ में किसी तरह की परेशानी न हो इसलिए 21 जून को एंट्री अलसुबह 4 बजे ही शुरू हो जाएगी। जबकि योग कार्यक्रम का समय सुबह 7 से 8 बजे का है। ऐसे में जो लोग सुबह 4 बजे कैपिटल कांप्लेक्स में एंट्री कर जाएंगे। उन्हें तीन घंटे की कड़ी तपस्या करनी होगी। 50 लोगों के ग्रुप पर एक कोर्डिनेटर होगा जो अपने ग्रुप को योग कराएगा। योग प्रोटोकॉल लय में हो इसलिए दो दिन 19 और 20 जून को 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों के साथ रिहर्सल भी होगी।
प्रधानमंत्री के साथ ले सकेंगे सेल्फी
प्रधानमंत्री का सेल्फी प्रेम जगजाहिर है। इस बात का खास ख्याल रखा गया है। आयोजन स्थल पर स्पेशल सेल्फी जोन बनेगा जहां मोदी के साथ सेल्फी ली जा सकेगी। सुरक्षा कारणों से मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे, इसलिए सेल्फी के लिए प्रशासन कैमरे का इंतजाम करेगा। बाद में यह फोटो लोगों को भेज दी जाएगी।
2.89 करोड़ में इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को दिया गया टेंडर
इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली की एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को 2.89 करोड़ रुपये में टेंडर दिया गया है। प्रधानमंत्री के लिए 60 गुणा 60 फुट का वाटरप्रूफ मंच बनेगा, जिसमें 20 लोगों के योग कर सकने की जगह उपलब्ध रहेगी। मंच के आगे का पूरा मैदान ऊपर से खुला होगा। 6 प्रवेश और निकास द्वार वाले इस कार्यक्रम में 8*12 फुट की 40 डिजिटल प्रोजेक्शन एलईडी स्क्रीन लगेंगी। 10 लाख स्क्वेयर फुट एरिया में ग्रीन कारपेट बिछेगा, अच्छे ब्रांड की आधा लीटर की 1 लाख 25 हजार पीने के पानी की बोतलें उपलब्ध करवानी होंगी।