फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलर्ट मोड पर हरियाणा: अनिल विज ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक, प्रदेश की सीमाओं पर सुरक्षा और चाक-चौबंद करने के निर्देश

Thu, 05 May 2022 10:17 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

गृह मंत्री ने निर्देश दिए कि दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए और गाड़ियों की चेकिंग सुचारु रूप से हो। जिस प्रकार से करनाल में हरियाणा पुलिस ने तत्परता और बहादुरी दिखाई है, वह भविष्य में भी बरकरार रहे।
विज्ञापन
Anil vij
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

करनाल में गिरफ्तार किए गए चार आतंकियों के मामले को लेकर हरियाणा की खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। गृह मंत्री अनिल विज ने शाम को गृह सचिव और पुलिस के आला अधिकारियों की बैठक कर मंथन किया। विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्यों की सीमा पर सुरक्षा को और चाक-चौबंद कर निगरानी बढ़ाई जाए। 

विज्ञापन


सचिवालय में गृह मंत्री के कार्यालय में हुई बैठक में प्रदेश के गृह सचिव राजीव अरोड़ा, डीजीपी पीके अग्रवाल, एडीजीपी लॉ एंड आर्डर संदीप खिरवार समेत अन्य आला अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में करनाल में आतंकी मामले को लेकर फीडबैक लिया गया, साथ ही प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मंथन किया। अधिकारियों ने विस्तार से घटनाक्रम का विवरण पेश किया और अब तक जांच रिपोर्ट के बारे में भी अवगत कराया। 

गृह मंत्री ने निर्देश दिए कि दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए और गाड़ियों की चेकिंग सुचारु रूप से हो। जिस प्रकार से करनाल में हरियाणा पुलिस ने तत्परता और बहादुरी दिखाई है, वह भविष्य में भी बरकरार रहे। साथ ही खुफिया एजेंसियों से मिलने वाले इनपुट को गंभीरता के साथ लिया जाए। विज ने कहा कि मामले में पाकिस्तान का नाम सामने आने के कारण यह मामला और अधिक संवेदनशील हो जाता है, इसलिए इसकी तह तक जाकर सुबूत जुटाए जाएं। आतंकियों की साजिश को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। 
विज्ञापन

 

यह एक संयुक्त ऑपरेशन था। पंजाब पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद हरियाणा पुलिस ने आतंकियों को काबू किया है। प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान में बैठे कुछ लोगों के नाम बताए गए हैं, रिमांड के दौरान दी गई इन जानकारियों को वेरिफाई करेंगे। इसके बाद ही ठोस जानकारी मिल सकेगी। मामला केंद्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस केंद्रीय एजेंसियों से भी संपर्क में है। - पीके अग्रवाल, डीजीपी, हरियाणा।

विज्ञापन

आतंकियों को पकड़ने में डायल 112 की टीम का अहम रोल 

हरियाणा पुलिस द्वारा करनाल में चार आतंकियों को गिरफ्तार करने में डायल 112 की टीमों का अहम रोल है। आईबी और पंजाब पुलिस के इनपुट के बाद से करनाल पुलिस सतर्क हुई और डायल 112 की तीन गाड़ियों व एक अन्य पीसीआर गाड़ी के स्टाफ ने बसताड़ा टोल पर पहुंचकर आतंकियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। 

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज हरियाणा पुलिस और खासकर डायल 112 की टीमों का पीठ थपथपाई है। विज ने कहा कि सुबह 4 बजे जिस प्रकार से डायल 112 की तीन गाड़ियों व एक अन्य पीसीआर गाड़ी के स्टाफ ने बसताड़ा टोल पर पहुंच कर तत्परता और बहादुरी का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। आतंकियों की साजिश को नाकाम करके डायल 112 प्रोजेक्ट ने साबित कर दिया है कि हरियाणा पुलिस 24 घंटे अलर्ट रहती है। 

गौर हो कि डायल 112 गृह मंत्री अनिल विज का ड्रीम प्रोजेक्ट है। हरियाणा में 12 जुलाई 2021 को डायल 112 प्रोजेक्ट शुरू किया गया था। इसके तहत पूरे प्रदेश में 601 गाड़ियां सड़कों पर 24 घंटे सतर्क रहती हैं। सूचना के बाद गाड़ी 15 से 20 मिनट पर घटनास्थल पर पहुंच जाती हैं। 

आतंकियों से सुरक्षा एजेंसी कर रही पूछताछ : विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा पुलिस ने सफलतापूर्वक करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा के पास चार आतंकियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इसमें डायल 112 टीमों का अहम रोल रहा है। गिरफ्तार आतंकियों से सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पूछताछ की जा रही है। इसमें कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, शेष जानकारी पूछताछ के बाद ही बताई जा सकेगी। तमाम पहलुओं को देखते हुए जांच की जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें