टखने में दर्द से जूझते रहे भारत के स्टार शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदर पाल सिंह तूर अब ओलंपिक के लिए पूरी तरह फिट हो गए हैं। एशियाई रिकॉर्ड धारक और गत एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तूर की नजर अब अपने ही एशियाई रिकॉर्ड को तोड़ने पर है। उनके नाम पुरुषों के शॉट पुट में 21.77 मीटर का राष्ट्रीय और एशियाई रिकॉर्ड दर्ज है।
13 नवंबर, 1994 को जन्मे तजिंदर पाल सिंह मोगा के गांव खोसा पांडो के रहने वाले हैं। उनकी माता प्रीत पाल तूर और पिता कर्म सिंह तूर किसान थे। बचपन में तूर क्रिकेटर बनना चाहते थे। पिता करम सिंह और चाचा गुरनाम सिंह चाहते थे कि उनका बेटा शॉट पुट में जाए और देश के लिए कुछ करे। पिता रस्साकशी के लिए काफी लोकप्रिय थे, जबकि चाचा गुरनाम सिंह शॉट पुट चैंपियन रह चुके हैं। उनसे प्रभावित होकर ही वे इस खेल से जुड़े। शुरुआती वर्षों में उन्होंने अपने चाचा की निगरानी में प्रशिक्षण लिया और बाद में और दो बार एशियन चैंपियन बने।
तजिंदरपाल सिंह तूर ने 21.49 मीटर के प्रयास के साथ टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था, जो पुरुषों के शॉट पुट में एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड था। यह उपलब्धि उन्होंने 2021 के चौथे भारतीय ग्रां प्री में हासिल की थी। उनके 21.49 थ्रो ने सऊदी अरब के सुल्तान अब्दुल मजीद के 21.13 मीटर के 12 साल पुराने एशियाई रिकॉर्ड को भी तोड़ा था। 2023 में भुवनेश्वर में उन्होंने 21.77 मीटर की दूरी भी तय की, जो उनका सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है।
तजिंदरपाल को राष्ट्रीय स्तर पर उस समय पहचान मिली, जब उन्होंने 2016 का फेडरेशन कप शॉट पुट खिताब जीता और साल 2017 में 20.40 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ अपने इस खिताब का बचाव भी किया। जून 2017 में कजाकिस्तान के अल्माटी कोसानोव मेमोरियल में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता और एक महीने बाद एशियाई चैंपियनशिप में 19.77 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया।
-2017 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप। -सिल्वर मेडल