चंडीगढ़। सेक्टर-52 स्थित गांव कजहेड़ी के एक पार्क में शनिवार को भाजपा पार्षद चंद्रावती शुक्ला सार्वजनिक शौचालय के निर्माण का शिलान्यास करने पहुंचीं। किसान समर्थकों के विरोध के डर से पुलिस ने पार्क के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी। कुछ चुनिंदा लोगों को छोड़कर पार्क में किसी को जाने की अनुमति नहीं थी। उधर, किसान समर्थक काले झंडे लेकर सेक्टर-52 के चौक पर विरोध के लिए खड़े हो गए। इस बीच ग्रामीणों को खासी मुसीबत झेलनी पड़ी। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए थे। सख्ती के चलते कई लोगों को वाहन से अपने ही घर तक जाने में पसीने छूट गए। इस तरह रास्ता रोके जाने से इलाके के लोगों में रोष नजर आया।
बता दें कि तीनों नए कृषि कानूनों के चलते भाजपा नेताओं को लगातार किसान समर्थकों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। विरोध के चलते कई कार्यक्रम रद्द करने पड़े, तो कुछ कार्यक्रमों को गुपचुप तरीके से कराया गया। सेक्टर-52 स्थित गांव कजहेड़ी के पार्क में पांच लाख की लागत से सार्वजनिक शौचालय बनाया जा रहा है, जिसका शिलान्यास शनिवार को भाजपा पार्षद चंद्रावती शुक्ला को करना था। कार्यक्रम को लेकर शनिवार को पुलिस पूरी तरह मुस्तैद थी। पार्क के आसपास लगभग 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। उधर, किसान समर्थकों को कड़ी सुरक्षा की भनक लगी तो वह काले झंडे लेकर सेक्टर-52 के चौक पर खड़े हो गए। यहीं से पार्षद चंद्रावती शुक्ला को होकर जाना था।
एक दिन पहले ही लगे थे विरोध के बैनर
शुक्रवार को किसान समर्थकों ने गांव कजहेड़ी में बैनर लगाकर भाजपा नेताओं के विरोध का एलान कर दिया था। गांव के चारों रास्ते पर लगे बैनर पर लिखा था कि भाजपा नेताओं का गांव में आना मना है। फिर भी भाजपा नेता गांव में आते हैं तो उसके जिम्मेदार वह स्वयं ही होंगे। पार्षद चंद्रावती शुक्ला के पति भाजपा नेता गोपाल शुक्ला ने कहा था कि हम किसानों के समर्थक हैं, लेकिन उनके वेश में आने वाले कांग्रेसी या आम आदमी पार्टी के नेताओं को खुली चुनौती है। उन्हें गांव के लोगों का पूरा साथ है, इसलिए काम का शिलान्यास जरूर करवाएंगे। इससे पहले भी भाजपा के कई कार्यक्रमों में किसान नेताओं ने विरोध किया था। वहां भी पुलिस बल को तैनात करना पड़ा था।