चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय के छात्रों का विरोध काम आया। पीयू अब ऑनलाइन परीक्षा कराने की तैयारी में है। उसका खाका तैयार हो रहा है, जो कमेटी ने उच्चाधिकारियों को भेजा है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद परीक्षाएं ऑनलाइन कराने की घोषणा की जाएगी।
कोरोना के समय से लेकर अब तक पीयू परीक्षाएं ऑनलाइन करवा रही थी, लेकिन अचानक अब ऑफलाइन परीक्षाएं करवाने के आदेश जारी कर दिए। इससे छात्र तनाव में आ गए। आक्रोशित विद्यार्थियों ने पीयू में प्रदर्शन किया। सभी छात्र संगठन एकमंच पर आ गए। उन्होंने पीयू को चेतावनी दी कि परीक्षाएं ऑफलाइन हुईं तो इसके अंजाम भुगतने होंगे। उन्होंने तर्क दिया था कि जब पढ़ाई ऑनलाइन हुई है तो फिर परीक्षाएं भी ऑनलाइन होनी चाहिए। ऑफलाइन परीक्षाएं कराने का कोई आधार नहीं बन रहा। पीयू पर दबाव चारों ओर से पड़ा तो परीक्षा कमेटी की बैठक हुई। दो बैठकों में कोई निर्णय नहीं हो पाया।
सूत्रों का कहना है कि कमेटी ने अब बैठक की है जिसमें ऑनलाइन परीक्षाएं करवाने पर सहमति बनी है, लेकिन इसे अंतिम मंजूरी नहीं मिल सकी, क्योंकि उच्चाधिकारियों ने इसे पास नहीं किया। पीयू वर्तमान में परीक्षाएं ऑनलाइन कैसे करवाएगी, इसका भी खाका बना रही है। वहीं छात्रों का कहना है कि पीयू ऑनलाइन परीक्षाएं करवाने की घोषणा जल्द करे ताकि छात्रों को तनाव से राहत मिल सके और वे परीक्षा की तैयारी में जुट सकें।