डेरा बाबा नानक में बारिश और ओलावृष्टि से फसल को भारी नुकसान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
तेज बारिश और ओलावृष्टि की वजह से पंजाब के डेरा बाबा नानक में खेतों में खड़ी फसल सफेद चादर की तरह दिखने लगी। भारी बारिश से खेतों और अनाज मंडी में पानी भर गया। तेज ओलावृष्टि से क्षेत्र में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कुदरत के कहर से किसान परेशान हैं।
पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने डेरा बाबा नानक और आसपास के क्षेत्रों में खराब हुई फसलों का जायजा लिया। क्षेत्र के किसानों ने बताया कि उन्होंने अपने खेतों में गोभी और बासमती की फसल लगाई है। रात को भारी बारिश और ओलावृष्टि की वजह से फसल बर्बाद हो गई। उनका लाखों का नुकसान हो गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले इतनी ज्यादा बारिश और ओलावृष्टि कभी नहीं देखी।
पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पिछले करीब 20 साल में पहली बार देखा गया कि इतनी ज्यादा ओलावृष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि धान की फसल तो लगभग सारी ही खराब हो गई है और परमल चावल का नुकसान हुआ है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह गिरदावरी ईमानदारी से करवाएं, ताकि सही लोगों को मुआवजा जल्द से जल्द मिल सके।
अनाज मंडी में भरा बरसात का पानी।
डीसी ने गिरदावरी का दिया आदेश
गुरदासपुर जिले के कुछ हिस्सों में हुई भारी बरसात और ओलावृष्टि की वजह से फसलों के नुकसान का पता लगाने के लिए डीसी मोहम्मद इशफाक ने जिले में विशेष गिरदावरी कराने का आदेश जारी किया है। जिले के सभी उपमंडल मजिस्ट्रेट को जारी एक पत्र में डीसी ने निर्देश दिया कि 23 अक्तूबर को जिला गुरदासपुर में भारी बारिश ओलावृष्टि होने के कारण फसलों के खराब होने का अंदेशा है। सभी एसडीएम अपने क्षेत्र में खराब फसल की विशेष गिरदावरी कर अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर डीसी ऑफिस भेजें।
बरसात और ओले गिरने से खराब फसल का मुआवजा दे सरकार
बरसात और ओले की वजह से हलवारा के कई गावों में धान की फसल जमीन पर बिछ गई। जम्हूरी किसान सभा पंजाब के नेता गुरउपदेश सिंह और हरजीत सिंह ने आसपास के गांवों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि बरसात और तेज हवाओं के साथ गिरे ओले के कारण खेतों में धान की फसल खराब हो गई है।
कई खेतों में डेढ़ से दो फुट तक पानी भरा है। इसके साथ जिन किसानों ने कुछ समय पहले आलू की बिजाई की, उस फसल के खराब होने की आशंका है। अगर आलू की फसल बच गई तो उसका झाड़ कम होगा। किसान नेताओं ने मांग की है कि मंडियों में पड़े धान को पूरे रेट पर खरीदा जाए। इस प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों को हुए नुकसान का पूरा मुआवजा सरकार को देना चाहिए।