पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह की तबीयत खराब हो गई है। सांस चढ़ने और छाती में दर्द की शिकायत के चलते उन्हें गुरुवार रात पटियाला के हार्ट अस्पताल में दाखिल कराया गया था, लेकिन शुक्रवार बाद दोपहर उन्हें रेफर कर दिया गया।
डॉ. गांधी ने बताया कि वह पिछले 20 साल से मूसेवाला परिवार के फैमिली डॉक्टर हैं। मूसेवाला के पिता को पिछले कुछ सालों से हार्ट संबंधी समस्या है। बेटे की मौत के बाद हार्ट संबंधी दिक्कत के चलते वह जांच के लिए उनके पास आए थे। उस समय उन्होंने बलकौर सिंह का ईसीजी व एंजियोग्राफी की थी, जिसमें नुक्स आया था। बलकौर सिंह की धमनियों में ब्लॉकेज पाई गई थी और उन्हें बायपास सर्जरी कराने की सलाह दी थी।
उस समय बलकौर सिंह ने यह कहकर कि घर में अभी दुख का माहौल है और ऊपर से वह भी सर्जरी के लिए तैयार नहीं है, मना कर दिया था। बलकौर सिंह के कहने पर उन्हें दवाओं पर रखा गया था। लेकिन गुरुवार को जब वह दोबारा जांच के लिए आए, तो ईसीजी में फिर से नुक्स आया। साथ ही उन्होंने सांस चढ़ने व छाती में दर्द की शिकायत भी की। जिसके बाद गुरुवार रात को बलकौर सिंह को पटियाला हार्ट अस्पताल में दाखिल कराया गया। लेकिन अब यहां से बलकौर सिंह को रेफर कर दिया गया है।