सेवारत सैनिक, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों के लिए हरियाणा सरकार की नई पहल
मुख्यमंत्री ने सेना के अधिकारियों के साथ तालमेल कर इस संबंध में कार्यवाही करने के दिए निर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सेवारत सैनिक, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों की सुविधा के लिए एक नई पहल शुरू करते हुए स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार सेना के साथ तालमेल बिठाकर जरूरत के अनुसार शहरों में आर्मी पाॅली क्लीनिक की तर्ज पर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करेगी। फिलहाल पंचकूला, अंबाला व हिसार आदि में सेना अस्पताल व पॉली क्लीनिक संचालित हैं। इनके अलावा सैन्य बाहुल्य रेवाड़ी, रोहतक और महेंद्रगढ़ जैसे शहरों में चिकित्सा संस्थान स्थापित किए जाएंगे।
यह फैसला यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुए स्वास्थ्य विभाग की बैठक में लिया गया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सैनिकों की मांग और जरूरत के हिसाब से अन्य स्थानों पर भी स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएं। इसके लिए विभाग सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेगा। हरियाणा सरकार सेना की ऐसी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए संसाधन उपलब्ध करवाएगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता भी उपस्थित थे।
प्रदेशभर में जनसंवाद में आई हुई मांगों के आधार पर एसएचसी, पीएचसी व सीएचसी होंगे स्थापित
नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार निरंतर प्रदेश में चिकित्सा क्षेत्र में ढांचागत विकास कर रही है। नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए सब हेल्थ सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामान्य स्वास्थ्य केंद्र खोले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने के लिए जनसंवाद में आई हुई मांगों के आधार पर सब हेल्थ सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामान्य स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएं।