हरियाणा सरकार ने आईएएस आयुष सिन्हा को एसडीएम करनाल के पद से हटाने के बाद वहां नई तैनाती कर दी है। एचसीएस गौरव कुमार को करनाल का नया एसडीएम लगाया है। वह अभी जिला परिषद व डीआरडीए करनाल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर तैनात थे।
गुरुवार को हरियाणा सरकार ने एक आईएएस और दो एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किया। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। सरकार ने बुधवार शाम एसडीएम करनाल आयुष को हटा दिया था। करनाल में आंदोलनरत किसानों के सिर फोड़ने का आदेश देने पर वह विवादों में घिरे हुए हैं। उनका आदेश जारी करने का वीडियो काफी वायरल हुआ।
आयुष को करनाल से हटाने के बावजूद किसानों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। वह आईएएस अधिकारी पर केस व बर्खास्त करने की मांग पर अड़े हैं। सरकार ने उन्हें हटाकर मामले को शांत करने का प्रयास किया है। गुरुवार को जारी आदेश में महेंद्रगढ़ के अतिरिक्त उपायुक्त आईएएस सचिन गुप्ता को शिवालिक विकास एजेंसी, अंबाला का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एक्साइज्ड एरिया अंबाला कैंट में सरकारी भूमि के प्रबंधन के लिए संपदा अधिकारी और नगर परिषद अंबाला सदर का प्रशासक लगाया गया है। नगर निगम, करनाल के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह-द्वितीय वर्तमान कार्यभार के अलावा जिला परिषद व डीआरडीए करनाल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार देखेंगे।
करनाल में किसानों पर हुआ था लाठीचार्ज
बता दें कि करनाल में पुलिस ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल का विरोध कर रहे किसानों पर पिछले शनिवार को जमकर लाठीचार्ज किया था। इस दौरान लगभग 10 किसानों को चोट आईं थी। इस बीच, करनाल के एसडीएम रहे आयुष सिन्हा का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह पुलिसकर्मियों से विरोध प्रदर्शन करने वालों का सिर फोड़ने की हिदायत दे रहे हैं। वीडियो में एसडीएम ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर पुलिस कर्मचारियों को कह रहे हैं कि ‘मैं ड्यूटी मजिस्ट्रेट हूं। ये नाका किसी भी हालात में पार न हो, जो निकलने लगे उसे लठ्ठ मारना...।’