खेलो इंडिया यूथ गेम्स में ग्रुप योगा करते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा का खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2021 में पांच देसी खेलों के साथ 25 खेल प्रतियोगिताओं में 1866 मेडल दांव पर हैं। हर राज्य के खिलाड़ी की नजर किसी न किसी पदक पर है। खबर लिखे जाने तक खेल के चौथे दिन 10 स्वर्ण समेत 31 पदकों के साथ हरियाणा पदक तालिका में महाराष्ट्र को पछाड़कर नंबर एक पर पहुंचा गया है।
हरियाणा के खाते में 10 स्वर्ण, 8 रजत और 13 कांस्य पदक हैं। महाराष्ट्र भी 9 स्वर्ण सहित 21 पदकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है। कुल 1866 पदकों में 545-545 स्वर्ण, रजत और 776 कांस्य पदक शामिल हैं।
बजरंग बली की जय’ उद्घोष के साथ शुरू हुआ मुकाबला
लड़कों के वालीबॉल के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा व राजस्थान की दोनों टीमों का जोश-उत्साह का शीर्ष वाक्य ‘बजरंग बली की जय’ था। दोनों टीमों को फाइनल में जगह बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा। 120 मिनट से अधिक समय तक चला वालीबॉल का यह मुकाबला शायद खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का अब तक का सबसे अधिक समय तक चलने वाला एक मैच था।
हरियाणा व राजस्थान दोनों की टीमों में जेबरा-मैन को छोड़कर खिलाड़ियों की औसतन लंबाई 6 फुट से अधिक थी। दोनों ही टीमों के कोचों का लक्ष्य था कि किसी न किसी तरह टीम फाइनल में पहुंच जाए। 4 सेटों के मैच में अंत में बाजी हरियाणा ने मारी। पहला सेट हरियाणा ने 30-28 अंकों से, दूसरा राजस्थान ने 25-23, तीसरा हरियाणा ने 25-18 से व चौथा 25-23 से जीता। इस प्रकार, अब तक के मैचों में हरियाणा 1063.9 अंकों के साथ फाइनल में पहुंच गया है। हरियाणा और राजस्थान दोनों के खिलाड़ी अभी हाल ही में ईरान में हुई विश्व वॉलीबॉल चैंपयिनशिप में भारत की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।