हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है। 24 मार्च को फिर आंशिक बादलवाई रहेगी और इसके बाद मौसम के साफ रहने के आसार हैं।
बादल छाने से बढ़ा रात्रि तापमान
सोमवार को दिनभर मौसम रंग बदलता रहा। प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर इससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि रात्रि तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि सिरसा के दिन के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई और यह दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो यह अंबाला का सबसे कम 16.8 डिग्री सेल्सियस और रोहतक का 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश में विभिन्न स्थानों का तापमान
- स्थान अधिकतम न्यूनतम
- अंबाला 30.4 16.8
- भिवानी 32.3 17.9
- हिसार 32.5 17.7
- करनाल 28.0 17.2
- नारनौल 32.2 17.5
- रोहतक 31.1 19.4
- सिरसा 33.1 19.0
चरखी दादरी में बिजली गिरने से श्रमिक की मौत
पैंतावास कलां में सोमवार की सुबह एक खेत में पेड़ के नीचे बैठकर खाना खा रहे छह लोगों पर बिजली गिर गई। हादसे में एक प्रवासी श्रमिक उदगरसदा (46) की मौत हो गई, जबकि उसके बेटे नवीन समेत तीन श्रमिक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक बिहार के दरभंगा जिले के गांव जले का रहने वाला था। घायल नवीन ने बताया कि उसका पिता उदगरसदा पेड़ से कमर लगाकर बैठा था जबकि वो उसके समीप बैठे था। पेड़ पर बिजली गिरते ही उसके पिता को हिलने तक का मौका नहीं मिला। नवीन ने बताया जोरदार झटका लगने से वह बिमलेश और अरुण करीब पांच मीटर दूर जा गिरे। नवीन ने बताया कि वे पांच भाई-बहन हैं और उसका पिता ही परिवार का पालन-पोषण करता था।