हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
अदालती मामलों या अन्य कारणों से सरकारी नौकरी गंवाने वाले युवाओं को अब हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से काम मिलेगा। उनके अनुभव को प्राथमिकता देते हुए नौकरी दी जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह निर्देश मंगलवार को ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ से संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के दौरान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल पर जिन पदों के लिए पंजीकरण कराया जाता है उनसे संबंधित भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित होते ही युवाओं के पास मोबाइल फोन पर एसएमएस अलर्ट पहुंचना चाहिए। अगर राज्य सरकार की नियमित या आउटसोर्स नौकरी के दौरान किसी एक पद का अनुभव रहा है तो दूसरे पद के आवेदन में पहले वाले अनुभव को भी मान्य किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अभी तक निगम के पोर्टल पर कुल 32,571 युवाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है, जबकि 2,333 युवाओं का पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख प्रधान सचिव डीएस ढेसी, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रधान सचिव विजयेंद्र कुमार, रोजगार निगम के सीईओ अनंत प्रकाश पांडेय समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।