ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की ओर से शनिवार को प्रदेश की सभी राजनीतिक पार्टियों से उनके घोषणा पत्र में हरियाणा रोडवेज के बारे में अपनी-अपनी नीतियां स्पष्ट करने का आग्रह किया, ताकि रोडवेज कर्मचारी उसके अनुसार अपना रुख स्पष्ट कर सकें। यह घोषणा यूनियन के राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा, महासचिव बलवान सिंह दोदवा और वरिष्ठ उप-प्रधान सुरेश लाठर ने की।
यूनियन के राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा और महासचिव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकारी बसों का बेड़ा बढ़ाने की बजाय अपना सारा ध्यान निजीकरण पर केंद्रित रखा और कर्मचारी व जनता विरोधी फैसला लेते हुए अपने निजी चहेते बड़े ट्रांसपोर्टरों से सांठगांठ कर गुपचुप तरीके 710 बसें किलोमीटर स्कीम पर हायर कर 510 बसें भारी भरकम कीमतों पर लेने का एग्रीमेंट कर लिया।
रोडवेज यूनियनों ने किलोमीटर स्कीम में भारी घोटाला होने की आशंका जाहिर करते हुए विरोध स्वरूप राज्यव्यापी हड़ताल की थी, जो लगातार 18 दिन तक चली थी। जिसके कारण जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा तथा परिवहन विभाग को अरबों रुपये का आर्थिक नुकसान भी हुआ था।