हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में मानसून की देरी के चलते धान की बिजाई के लिए किसानों को 2 घंटे अतिरिक्त बिजली दी जाएगी। इसकी आपूर्ति किसानों को तुरंत प्रभाव से करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि धान की बिजाई के लिए अब 8 घंटे की जगह 10 घंटे बिजली मिलेगी। इससे किसान फसल में पानी की कमी दूर कर सकेंगे। उन्हें 2 घंटे अतिरिक्त बिजली की उपलब्ध करवाने की यह सुविधा मानसून आने तक प्रदान रहेगी।
बिजली मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली पर्याप्त मात्रा में है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बुधवार सात जुलाई को हरियाणा में एक दिन में 12 हजार 125 मेगावाट बिजली खपत हुई, जो अब तक का रिकॉर्ड है। बिजली विभाग प्रदेश में कोई पावर कट नहीं लगाता है, यदि बिजली कुछ समय के लिए बाधित होती है तो मरम्मत के कारण हो सकती है।
सिंह ने कहा कि सरकार किसानों को एक नीति के तहत ट्यूबवेल कनेक्शन दे रही है। राज्य में 100 फुट से नीचे पानी वाले क्षेत्रों में ड्रिप सिस्टम सिंचाई को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही राज्य में लंबित ट्यूबवेल कनेक्शन भी अगले छह महीने में जारी कर दिए जाएंगे।