उन्होंने बताया कि इस बार रबी सीजन 2021-22 के दौरान भारतीय खाद्य निगम सहित राज्य की अन्य खरीद एजेंसियों द्वारा 84.93 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई। इस स्टॉक में से 31 जुलाई 2021 तक 14.64 लाख मीट्रिक टन गेहूं का राज्य से उठान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि भण्डारण क्षमता की कमी के कारण कुछ खाद्यान्न को मंडी शेड में रखा गया है। केंद्रीय पूल की मांग के अनुसार इस खाद्यान्न का शीघ्र उठान किया जा रहा है।
दुष्यंत चौटाला ने बताया कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का हिसार में 16632 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष करीब 24,000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम का निर्माण कार्य प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा, हैफेड के 4.41 लाख मीट्रिक टन और हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के 2.40 लाख मीट्रिक टन के गोदाम भी निर्माणाधीन है, जिनका कार्य शीघ्र पूरा हो जाएगा।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि कृषि व सिंचाई विभाग की रोहतक जिला के गांव नयावास, कैथल जिला के गांव संतोख माजरा, हिसार जिला के हांसी और करनाल की लगभग 45 एकड़ भूमि को गोदाम बनाने के लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को हस्तांतरित किया जा रहा है। इन गोदामों की 1.50 लाख मीट्रिक टन भण्डारण क्षमता होगी।