हरियाणा के अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित घेरे में लेने और त्योहारी सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत पहली बार धार्मिक स्थलों के बाहर टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। अपने भगवान के दर्शन से पहले श्रद्धालुओं को कोरोना का टीका लगवाना होगा। खासकर नवरात्र में मंदिरों के बाहर टीकाकरण केंद्र बनाने का सभी सीएमओ को निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, गुरुद्वारा, चर्च के बाहर भी ये केंद्र बनाए जाएंगे।
विभाग का लक्ष्य है कि आगामी माह में 40 लाख लोगों को कोरोना की दूसरी खुराक दी जाए, ताकि दोनों खुराक वालों की संख्या को एक करोड़ तक पहुंचाया जा सके। धार्मिक स्थलों के बाहर टीकाकरण केंद्रों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। साथ ही तीन दिन तक मेगा ड्राइव भी चलाया जाएगा। -प्रभजोत सिंह, एमडी, एनएचएम।
सभी सीएमओ को निर्देश दिया है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए पूरी तैयारी रखें। जनता से अपील है कि पहली कोशिश तो ये करें कि अपने घर को ही मंदिर मानें और घर पर ही पूजा करें। टीकाकरण को बढ़ावा देने को लेकर इस बार मंदिरों के बाहर टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। -डॉ. वीना सिंह, महानिदेशक, स्वास्थ्य विभाग।