हाल ही में सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम गठित किया है। इसके तहत ही विभागों, बोर्ड-निगमों में आउटसोर्सिंग आधार पर भर्तियां होनी हैं। ठेकेदारी प्रथा खत्म करने और नियुक्तियों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए यह निर्णय लिया है। निगम ने अब तक अनुबंध आधार पर हुई नियुक्तियों का ब्योरा सभी विभागों, बोर्ड-निगमों से डेढ़ सप्ताह पहले ही मांगा है।
एचआरएमएस पर डाटा अपलोड की समीक्षा करेगी सरकार
प्रदेश सरकार एचआरएमएस यानि ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम पर अपलोड कर्मचारियों के डाटा की बुधवार को समीक्षा करेगी। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सभी विभागों के नोडल अधिकारियों की बैठक लेंगे। पहले यह बैठक हरियाणा निवास में होनी थी, इसे अब सेक्टर-17 स्थित नव सचिवालय के कांफ्रेंस हॉल में तीन बजे रखा है।
सभी प्रशासनिक सचिवों व विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभाग के नोडल अधिकारियों को ताजा रिकॉर्ड के साथ बैठक में भेजें। इसमें यह देखा जाएगा कि सरकार के आदेश के बाद कितने विभागों ने अपने कर्मचारियों का शत-प्रतिशत डाटा एचआरएमएस पर अपलोड कर दिया है। बोर्ड-निगमों के नोडल अधिकारियों की बैठक जल्दी तय की जाएगी।