हरियाणा सरकार ने अफसरशाही में अहम पदों पर फेरबदल किया है। एक आईएएस व एक आईपीएस अधिकारी के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किया है। 1994 बैच के आईपीएस नवदीप सिंह विर्क अपनी आईपीएस पत्नी कला रामचंद्रन की जगह परिवहन विभाग के प्रधान सचिव बने हैं। कला भी इसी बैच की अधिकारी हैं और आईपीएस शत्रुजीत कपूर के डीजी विजिलेंस बनने के बाद परिवहन विभाग के प्रधान सचिव पद का कामकाज संभाल रही थीं। उनके पास एडीजीपी विजिलेंस का भी अतिरिक्त जिम्मा था।
परिवहन विभाग से हटने के बाद वह अब पूरी तरह विजिलेंस का ही कामकाज देखेंगी। सरकार ने 1986 बैच के आईएएस पीके दास को वित्तायुक्त के साथ ही बिजली, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग सौंपा है। वह राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का जिम्मा भी संभाल रहे हैं।
दास को बिजली विभाग की अच्छी समझ है। वित्तायुक्त बनने से पहले ये विभाग उनके पास ही थे। सरकार ने आईएएस एसएन राय से बिजली व नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग वापस लिए हैं। उनके पास पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग बना रहेगा। नवदीप विर्क पुलिस से परिवहन महकमे में मुख्यमंत्री कार्यालय के जरिये दाखिल हुए। उन्होंने प्रधान सचिव, परिवहन के पद से अपनी ही पत्नी को हटाया।
कला रामचंद्रन भी इस पद को बखूबी संभाल रही थीं लेकिन रोडवेज यूनियन के नेताओं की किचकिच उनको नहीं भायी। इसलिए अब नवदीप विर्क को परिवहन के साथ रोडवेज को ढर्रे पर लाने की जिम्मेदारी मिली है। विर्क के पास पुलिस विभाग में एडीजीपी कानून व्यवस्था का जिम्मा रहा। गुरुवार को विर्क ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ ही उनके चंडीगढ़ आवास पर लोहड़ी मनाई थी। परिवहन आयुक्त के पद पर भी आईपीएस अमिताभ ढिल्लों नियुक्त हैं। बीते लगभग दो साल से परिवहन विभाग में उच्च पदों पर आईपीएस की ही तैनाती हो रही है।