हरियाणा में दो अगस्त तक बढ़ा लॉकडाउन
- फोटो : फाइल फोटो
हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन दो अगस्त तक बढ़ा दिया है। हालांकि रेस्तरां संचालकों को और राहत मिली है। यूनिवर्सिटी व अन्य शैक्षणिक संस्थान दाखिलों के लिए एंट्रेंस टेस्ट ले सकेंगे। सरकारी विभागों में भर्ती के लिए होने वाली लिखित परीक्षाओं को भी मंजूरी दी गई है।
महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा के तहत लॉकडाउन की अवधि 26 जुलाई शाम पांच बजे तक थी। उसके खत्म होने से पहले ही राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नए आदेश जारी कर दिए। मुख्य सचिव विजयवर्धन की तरफ से जारी आदेश के अनुसार सभी रेस्तरां पचास प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जा सकेंगे। कोविड मानकों का सख्ती से पालन कराना होगा।
यह भी पढ़ें- DA Hike News: हरियाणा सरकार ने 28 फीसदी किया महंगाई भत्ता, एक जुलाई से लागू होगी बढ़ी दर
इस दौरान मॉल में स्थित रेस्तरां को खोलने का समय सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक रहेगा। अन्य रेस्तरां सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक खोले जा सकेंगे। होटल में स्थित रेस्तरां पर यह समय अवधि लागू नहीं होगी। होटल, रेस्तरां व फास्ट फूड की होम डिलीवरी रात 11 बजे तक कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- पर्यावरण संरक्षण : हरित अंतिम संस्कार से हरियाणा और पंजाब बचा रहे हजारों पेड़, अब प्रोजेक्ट को देशव्यापी बनाने की तैयारी
सरकार ने एंट्रेंस व भर्ती परीक्षाएं कराने की छूट दी है। यूनिवर्सिटी, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों व भर्ती एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि 10 सितंबर 2020 की केंद्र सरकार की कोविड गाइडलाइन के तहत एंट्रेंस और भर्तियों की लिखित परीक्षाएं आयोजित करें। प्रदेश में आठ अगस्त से पुलिस कांस्टेबल भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो रही है। दिसंबर तक 15 हजार हजार से अधिक पदों के लिए लिखित परीक्षाएं और शारीरिक परीक्षण होने हैं। मुख्य सचिव ने अपने आदेश में कहा है कि पूर्व में दी गई छूट जारी रहेंगी। सभी जिलों के डीसी अपने-अपने क्षेत्र में कोविड मानकों का कड़ाई से पालन कराएं।