हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ट्विटर पर लोगों से रूबरू हुए तो उन्होंने कई सवालों के बड़े दिलचस्प जवाब दिए। मुख्यमंत्री खट्टर ने सरकारी स्कूलों की दयनीय हालत, शिक्षा स्तर, नौकरियों के लिए भर्तियों में देरी और बरसाती पानी की सुनवाई पहली बार ट्विटर पर रू-ब-रू होकर की। आम लोगों ने शिक्षा, नौकरी, बुनियादी समस्याओं के अलावा सिस्टम में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ कई सवाल किए।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कुछ मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए तो कुछ शिकायतों को जल्द सुलझाने का भरोसा। करीब एक घंटे तक ट्विटर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 50 शिकायतें सुनीं। ट्विटर पर शिकायत के लिए सीएमओ में स्टाफ लगाया गया है। युवाओं के अधिकतर सवाल सरकारी नौकरी और शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े थे। कुछ युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में देरी पर सवाल पूछे।
मुख्यमंत्री ने जवाब में कहा कि अलग अलग विभागों में विभिन्न पदों पर रिक्तियां निकाली जा रही हैं। जल्द से जल्द खाली पड़े पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस दौरान स्कूलों के खराब रिजल्ट और अलग-अलग मामलों में दोषी अध्यापकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठी। मुख्यमंत्री ने कहा कि खराब परीक्षा परिणाम के जिम्मेदार अध्यापकों की कार्यप्रणाली का आकलन किया जा रहा है। ऐसी योजनाएं तैयार की जारी है, जिससे शिक्षा गुणवत्ता के साथ-साथ स्टूडेंट्स के परीक्षा परिणामों में भी सुधार हो सके।
विज्ञापन
पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए अलग विभाग
पंचकूला में सीएम मनोहर लाल खट्टर की रैली
- फोटो : amar ujala
हरियाणा में पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए जल्द अलग विभाग स्थापित होगा। मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लोगों से बातचीत में यह जानकारी दी। तेजी से डिजिटल दुनिया से जुड़ते मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर किए गए लोगों के सवालों के जवाब भी ऑनलाइन दिए। डिजिटल हरियाणा का एक उदाहरण कस्बा कलायत में देखने को मिला, जहां से ट्विटर हैंडलर्स ने मुख्यमंत्री ने सीधा संवाद किया।
इस दौरान फरीदाबाद के सेक्टर-19 के एक निजी स्कूल की ओर से पिछले दो वर्षों के दौरान फीस में हुई बढ़ोतरी की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में मंडलायुक्त डॉ. डी सुरेश से बातचीत करेंगे, साथ ही उनके मोबाइल नंबर 9717263333 पर संपर्क करने को भी कहा। उन्होंने बताया कि सरकार ऐसी बढ़ी हुई फीस के लिए नियमों में संशोधन करने पर विचार कर रही है।
हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन पर कार्य की शुरुआत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए पिछली सरकार ने यह भ्रामकता की कि उन्होंने राशि का भुगतान कर दिया था, लेकिन यह सही नहीं है। वर्तमान सरकार ने 300 करोड़ रुपये की अदायगी की और जल्द ही भूमि का अधिग्रहण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
शिक्षा सुधार से जुड़े कई सवालों के भी जवाब दिए
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : अमर उजाला
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के स्तर कम करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक मापदंडों में सुधार के लिए एक कमेटी का गठन किया जा चुका है, जिसकी रिपोर्ट अगले तीन-चार माह में आने की संभावना है। गुड़गांव में स्मार्ट ग्रिड परियोजना की शुरूआत को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि पहला चरण एक वर्ष में पूर्ण होगा। दूसरे चरण की अवधि जो तीन वर्ष है, जिसे दो वर्ष करने को कहा गया है।
कलायत में इंडोर खेल स्टेडियम की स्थापना के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 अगस्त को कलायत दौरे के दौरान इस बारे में कुछ कहा जा सकता है। पिछले दो वर्षों में किसानों को दिए गए मुआवजे के संबंध में मनोहर लाल ने बताया कि 2300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों को मुआवजे के तौर पर दी गई है।
नियुक्तियों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न पदों के लिए 3235 नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं, जबकि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने शिक्षा विभाग के 9000 पदों सहित अन्य विभागों के 7000 पदों के लिए लिखित परीक्षा की घोषणा पहले ही कर रखी है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में 5000 सिपाहियों की भर्ती के लिए तीन लाख से अधिक उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा पूर्ण कर ली गई है।
एक अन्य ट्वीट हरियाणा राज्य को दूध-दही के नाम से जाना जाता है, स्वदेशी गायों और भैंसों की वृद्धि के लिए सरकार कितनी गंभीर है, मुख्यमंत्री ने बताया कि आप क्यों नहीं हमारे राजनीतिक विरोधियों से यह पूछते, जो अक्सर इस मुद्दे पर हमारी गंभीरता के लिए आरोप लगाते हैं। बेटी बचाओ बेटी पढा़ओ कार्यक्रम की सफलता पर मुख्यमंत्री ने गर्व से कहा कि हमारी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गौरवान्वित हुए हैं।
एक अन्य ट्वीट पर जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि जिला परिषद, नगरपालिका, नगर परिषद और नगरनिगम व ब्लाक समिति के सदस्यों, सरपंच व पंचों के चयन की औसत आयु 34 वर्ष है। गुड़गांव की तरह राज्य के अन्य शहरों फरीदाबाद और पंचकूला में भी आईटी कम्पनियां आ रही है। इन कंपनियों के आने से युवाओं को अधिक से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।