हरियाणा काडर के 2005 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक अत्रे
IAS बनने को हर युवा तरसता है, लेकिन एक ऐसे आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने सरकारी नौकरी को अलविदा बोल दिया है। ये हैं हरियाणा काडर के 2005 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक अत्रे। उन्होंने सरकार को अर्जी देकर स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की मांग की है। लंबे समय तक चंडीगढ़ में कार्यरत रहे अत्रे हाल ही में पंचकूला डीसी लगे थे। जिसके बाद सरकार ने उन्हें उद्योग विभाग में निदेशक की कमान सौंपी। उनकी ओर से अचानक उठाए गए इस कदम की आईएएस लाबी में भी चर्चा है।
हैपनिंग हरियाणा समिट के बाद से अत्रे तीन माह की छुट्टी पर चल रहे थे। हालांकि उन्होंने सरकार को अपनी मंशा पहले ही स्पष्ट कर दी थी, लेकिन सरकार उन्हें लोक संपर्क विभाग की कमान सौंपने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच उन्होंने वीआरएस की चिट्ठी सरकार को सौंप दी।
अत्रे ने अपनी वीआरएस की अर्जी राज्य के मुख्य सचिव डीएस ढेसी को भेजी है। सूत्र बताते हैं कि सरकार ने उनकी अर्जी मंजूर कर ली है। आवश्यक कार्रवाई के लिए यह अर्जी केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय को भेज दी है। वहां से मंजूरी आते ही अत्रे आईएएस की सेवाओं को अलविदा कह देंगे।