हरीश रावत ने बताया, 'मेरी सिद्धू से बात हुई है। उनकी तरफ से जानकारी दी गई है कि उनके सलाहकारों की बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है फिर भी मैं अपने स्तर से जांच करूंगा और अगर ये लोग दोषी पाए गए तो इन्हें दंडित किया जाएगा।'
यह है विवाद
उल्लेखनीय है कि नवजोत सिद्धू के दो सलाहकारों प्यारे लाल गर्ग और मालविंदर सिंह माली ने सोशल मीडिया पर हाल ही में ऐसे बयान और टिप्पणियां कीं कि पूरी कांग्रेस पार्टी चौतरफा आलोचना से घिर गई। गर्ग ने कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा पाकिस्तान की आलोचना किए जाने को गलत ठहराते हुए अपने बयान में पाकिस्तान की हिमायत की जबकि मालविंदर माली ने एक बयान जारी कर कश्मीर को अलग देश करार देते हुए आरोप लगाया कि कश्मीर पर भारत और पाकिस्तान ने कब्जा किया है।
माली ने संविधान के अनुच्छेद 370 को रद्द करने के मुद्दे पर भी राय रखी, जिसके तहत तत्कालीन राज्य जम्मू-कश्मीर को एक विशेष दर्जा मिला हुआ था। उन्होंने अपने बयान में सवाल उठाया कि अगर कश्मीर भारत का हिस्सा था तो धारा 370 और 35ए हटाने की क्या जरूरत थी? माली यहीं तक नहीं रुके, दो दिन पहले उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का एक विवादास्पद कार्टून अपने फेसबुक पेज के कवर पर लगा दिया, जिसमें इंदिरा गांधी के हाथ में पकड़ी बंदूक पर कंकाल लटका है और इंदिरा गांधी के पीछे कंकालों का ढेर लगा है। इसके कुछ ही घंटे बाद माली ने अपने फेसबुक पेज पर कैप्टन अमरिंदर सिंह के निजी जीवन से जुड़ी फोटो अपलोड कर उनके बारे में अभद्र टिप्पणियां कर दीं।
सिद्धू के सलाहकारों की टिप्पणी पर हाईकमान दखल दे: मनीष तिवारी
पंजाब से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने प्रदेश प्रधान नवजोत सिद्धू के सलाहकारों द्वारा सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कांग्रेस हाईकमान से इस मामले में तुरंत दखल देने की मांग की है। सोमवार को अपने ट्विटर हैंडल पर प्रदेश कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू के दो सलाहकारों द्वारा अभद्र टिप्पणियां किए जाने को लेकर तिवारी ने लिखा कि कांग्रेस इस मामले पर मंथन करे कि जो लोग जम्मू-कश्मीर को भारत का अंग नहीं मानते और जिनका झुकाव पाकिस्तान की तरफ है, क्या ऐसे लोग पंजाब कांग्रेस का हिस्सा हो सकते हैं? तिवारी ने अपने ट्वीट में हरीश रावत और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को टैग करते हुए लिखा- यह उन सभी का मजाक उड़ाने जैसा है, जिन्होंने भारत के लिए अपना खून बहाया है।