प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव ने वीरवार को सेक्टर-21 स्थित ई-संपर्क सेंटर में ई- स्टैंपिंग प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। इस सुविधा से शहर के लोगों को काफी लाभ होगा।
इसके शुरू होने से लोगों को स्टांप वेंडर के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अभी नॉन ज्यूडिशियल स्टांप पेपर मिलना शुरू हुआ है। भविष्य में ज्यूडिशियल स्टांप पेपर भी संपर्क सेंटर पर उपलब्ध होंगे।
देव ने कहा कि पहले चरण में पांच रुपये से लेकर दो सौ रुपये तक के स्टांप पेपर मिलेंगे, जबकि दूसरे चरण में पांच रुपये से लेकर 10 हजार रुपये का स्टांप मिलेगा।
विजय कुमार देव ने कहा कि उनकी कोशिश है कि तकनीकि सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी की जाए। उन्होंने कहा कि कई योजनाएं शहर में लागू कर दी गई हैं, जबकि कई अन्य योजनाएं लागू की जानी हैं।
इन प्रक्रियाओं से पारदर्शिता आएगी और प्रशासन के अधिकारियों की कार्य कुशलता में बढ़ोतरी होगी। इस संपर्क सेंटर से सेक्टर-21 निवासी राजनपाल सिंह ने 10 रुपये का ई-स्टांप खरीदा। उन्होंने बताया कि वे रेंट एग्रीमेंट के लिए इसे खरीद रहे हैं।
फिलहाल इन संपर्क सेंटरों पर मिलेगा ई-स्टांप
सेक्टर-21 के संपर्क सेंटर के अलावा डीसी ऑफिस के क्योस्क में मिलेगा। इसके अलावा सेक्टर-7, 10, 17, 18, 23, 40, 43 और 47 के ई-संपर्क सेंटरों पर ई-स्टांप पेपर मिलेगा। बाद में अन्य संपर्क सेंटरों पर भी उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी सचिव डॉ. एसबी दीपक कुमार, इंफॉरमेशन टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर प्रिंस धवन, फॉसवेक के चेयरमैन बलजिंदर सिंह बिट्टू, पूर्व पार्षद डॉ. एपी सांवरिया मौजूद रहे।
शहरों जैसी सुविधा गांव में भी मिलेंगी
एडवाइजर विजय कुमार देव ने कहा कि सिटी ब्यूटीफुल के सभी गांवों को शहरों जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी।
गांव में क्या-क्या सुविधाएं चाहिए, इसके लिए योजनाएं बनाकर उसे पूरा करने पर बल दिया जाएगा। गांव का जायजा लेकर गांव में खेल मैदान, मेडिकल सुविधा, नहरी पानी व अन्य सुविधाएं मिलेंगी। शिक्षा पर भी पूरा जोर दिया जाएगा।