सड़क हादसे में ज्यादातर साइकिल सवार की मौत होती है। इसलिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस अब उन्हें सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर साइकिल चलाने की सलाह देने लगी है।
इसके लिए बाकायदा विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है और लोगों को दूसरे तरीके से भी जागरूक किया जाएगा। वैसे तो विदेशों में साइकिल चलाते वक्त लोग हेलमेट पहनते हैं, लेकिन अपने देश में सभी बाइक सवार भी इसका पालन नहीं करते।
उन्हें जागरूक करने के लिए हर साल सरकार की मोटी रकम खर्च होती है। इसके बावजूद कुछ खास बदलाव नहीं है। चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सड़क हादसों में मरने वाले लोगों में सबसे अधिक संख्या दोपहिया वाहन चालकों की है।
आंकड़ों के अनुसार, इस साल जून के अंत तक हादसों में 26 लोगों की मौत हो चुकी है और सभी दोपहिया वाहन चालक हैं। इनमें चार साइकिल चालक हैं, जो सड़क पर किसी अन्य वाहन के चपेट में आ गए।
कोट
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस के डाटा के अनुसार सड़क दुर्घटना में सबसे अधिक मौत साइकिलिस्ट और दोपहिया वाहन चलाने वालों की हुई है।
इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को साइकिल चलाते वक्त भी हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने का प्लान बनाया है। इसकी शुरुआत हो चुकी है।
- मनीष चौधरी, एसएसपी, ट्रैफिक