स्कूल में उठक बैठक के कारण छात्राएं बेहोश हुईं
- फोटो : अमर उजाला
होमवर्क नहीं किया तो टीचर ने कुर्सी के टूटे हुए बाजू से छात्राओं की पिटाई की। उठक-बैठक कराई, नतीजा लड़कियां बेहोश हो गईं। मामला जींद के जुलाना शहर के गांव लजवाना कलां के सरकारी स्कूल का है। होम वर्क नहीं करने पर अध्यापिका ने छात्राओं को एक हजार बार उठक-बैठक लगाने के लिए भी कहा। भीषण गर्मी में पिटाई और उठक-बैठक लगवाने से करीब नौ छात्राएं बेहोश हो गईं।
बेहोश हुई छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कुछ छात्राएं घर पर ही बिस्तर पकड़ी हुई हैं। अध्यापिका को निलंबित करने की मांग को लेकर अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। राजकीय कन्या माध्यमिक स्कूल लिजवाना कलां की एक अध्यापिका पर आरोप है कि उन्होंने शुक्रवार को होम वर्क करने नहीं लाने पर सातवीं कक्षा की छात्राओं को पहले तो कुर्सी के टूटे हुए बाजू से पीटा और फिर उनसे एक हजार बार उठक-बैठक करने को कहा।
डर के मारे छात्राओं ने उठक-बैठक करना शुरू कर दिया। इस दौरान कई छात्राएं बेसुध होकर जमीन पर गिर गईं। छात्राओं के बेहोश होने की सूचना जब उनके परिजनों को मिली तो वे स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इस बीच स्कूल स्टाफ वहां से रफूचक्कर हो गया। छात्राओं की पिटाई करने वाली अध्यापिका भी नजर नहीं आई। छात्राओं के परिजनों ने बताया कि बेहोश हुई नौ छात्राओं को जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
ये कहना है सरपंच और डॉक्टर का
स्कूल में उठक बैठक के कारण छात्राएं बेहोश हुईं
- फोटो : अमर उजाला
मेरे पास प्राचार्य का फोन आया था कि स्कूल की नई अध्यापिका ने लड़कियों की पिटाई कर दी है जिससे वे बेहोश हो गई हैं। ग्राम पंचायत ने मौके पर पहुंच कर लड़कियों के परिजनों को सूचित किया और लड़कियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना में दाखिल करवाया। ग्राम पंचायत प्रशासन से मिलकर जल्द ही अध्यापिका के तबादले की मांग करेगी।
-रामफल, सरपंच लजवाना
अस्पताल में दर्जनों लड़कियों को भर्ती कराया गया है। लड़कियों के परिजनों का कहना है कि स्कूल टीचर ने लड़कियों को पीटा है और उठक-बैठक लगवाई है, जिससे लड़कियों से उठा नहीं जा रहा है।
-डॉ. भंवर, मुख्य चिकित्सक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना
मैं छात्राओं से मिली हूं, उनका हालचाल जाना है। आरोपी अध्यापिका के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- वंदना गुप्ता, जिला शिक्षाधिकारी जींद