चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस पूरी तरह नहीं खुल रहा है। इसके लिए हर हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। अब पूर्व सीनेटर धरना-प्रदर्शन करने की योजना बना रहे हैं। वह कभी भी वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सकते हैं। इस सप्ताह इंतजार किया जा रहा है कि कैंपस खोलने को लेकर कुछ निर्णय हो अन्यथा अगले सप्ताह कैंपस का माहौल फिर से गर्म होने के आसार हैं।
कोरोना के बाद से देश के सभी शिक्षण संस्थान खुल चुके हैं। प्ले स्कूल से लेकर इंटर कॉलेज तक के विद्यार्थी पढ़ाई के लिए जा रहे हैं, मगर पीयू ने अपना कैंपस स्नातक व परास्नातक विद्यार्थियों के लिए नहीं खोला है। पीजी अंतिम वर्ष के कुछ विद्यार्थियों को जरूर बुलाया गया है, मगर कुछ की पढ़ाई अभी भी ऑनलाइन ही चल रही है। इस पूरे प्रकरण को हाल ही में कुछ पूर्व सीनेटरों ने उठाया और उपराष्ट्रपति एवं चासंलर को पत्र लिखा। इनका तर्क है कि पीयू इस सप्ताह निर्णय नहीं लेती है तो फिर धरना-प्रदर्शन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।