संजय गोयल ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद शुक्रवार को भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना के नेतृत्व में उनके परिवार ने औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। शुक्रवार को पुरानी अनाज मंडी में पहुंचे अरविंद खन्ना और दामन थिंद बाजवा ने पूरे परिवार का भाजपा में शामिल होने पर स्वागत किया।
अरविंद खन्ना ने कहा कि भारत को तोड़ने वाली कांग्रेस अब भारत को जोड़ने की नाकाम कोशिश में है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने वाली कांग्रेस अब केंद्र सरकार की ओर से भारत शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति क्यों जता रही है? शुक्रवार को पुरानी अनाज मंडी में संजय गोयल के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश के संविधान में भारत का बार-बार जिक्र है।उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा 303 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सत्ता में आएगी।
कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दल एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते आ रहे हैं। आप सरकार तो कांग्रेस के कई पूर्व मंत्रियों व नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। इस गठबंधन को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की आप सरकार झूठ की बुनियाद पर टिकी है। देश में अगर झूठ बोलने में कोई सबसे ज्यादा माहिर है तो वो आम आदमी पार्टी के नेता हैं। पंजाब में तीन माह में नशा खत्म करने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में पंजाब नशे का दरिया बन चुका है। बेरोजगारी व भ्रष्टाचार चरम पर है।