पंजाब के गुरदासपुर में सरकारी अस्पताल के जन औषधि केंद्र के बाहर एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया। महिला के पति ने ही बच्चे को संभाला और एक अन्य महिला की सहायता से नवजात को नर्सिंग स्टाफ तक पहुंचाया। बच्चे की डिलीवरी होने की यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फिलहाल डॉक्टरों ने महिला का इलाज शुरू कर दिया। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों ठीक हैं।
गर्भवती महिला लक्ष्मी के पति शुभम ने बताया कि वह धारीवाल के रहने वाले हैं और उसकी पत्नी नौ महीने की गर्भवती थी। गुरुवार को अचानक ही प्रसव पीड़ा होने लगी। इसके बाद उसे गुरदासपुर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जब वह सिविल अस्पताल के जन औषधि केंद्र के पास पहुंचे तो पत्नी की अचानक तबीयत ज्यादा खराब हो गई।
इससे पहले किसी को आवाज लगाता, पत्नी ने जन औषधि केंद्र के बाहर ही बच्चे को जन्म दे दिया। किसी तरह बच्चे को संभाला और अस्पताल में एक अन्य महिला की सहायता से बच्चे को चुनरी में लपेटकर लेबर रूम तक पहुंचाया। इसके बाद स्टाफ नर्सों ने तुरंत बच्चे और मां का इलाज शुरू किया।
उधर, डॉक्टर का कहना है कि जच्चा-बच्चा दोनों ठीक हैं। बच्चे की डिलीवरी होने में अभी समय था मगर महिला को दर्द होने के कारण बच्चे को समय से पहले ही जन्म दे दिया है। मां और बच्चे का इलाज किया जा रहा है।