गुरदासपुर में धुस्सी बांध को दो जगह पहुंची क्षति, एनडीआरएफ तैनात
पौंग डैम से पानी छोड़े जाने के बाद दरिया ब्यास में जलस्तर बढ़ने के कारण धुस्सी बांध को दो जगह पर क्षति पहुंची है। इसके चलते पानी दरिया के पास स्थित गांवों में घरों तक जा पहुंचा है। उधर, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत कार्यों के लिए इलाके में एनडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी हैं, जिन्होंने बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा के कारण पौंग डैम से रविवार को 1.40 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। ब्यास दरिया में जलस्तर बढ़ने के कारण गांव जगतपुर टांडा व भैणी पसवाल में धुस्सी बांध टूट गया है। इसके चलते निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है।
ये गांव आए चपेट में
धुस्सी बांध में दरार के कारण गांव चेचियां छोड़ियां, पक्खोवाल, दाउवाल, खबहरा, दलेरपुर, पदाना, छीना बेट, नडाला, जगतपुर कलां, कोहलियां और खरियान बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। रविवार देर रात एनडीआरएफ की टीमें पहुंच गई थीं, जिन्होंने सुबह से ही राहत कार्य शुरू कर दिया है। गुरदासपुर-मुकेरियां रोड पर भी पानी आने के कारण पुल को बंद कर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है।
डीसी डा. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि पौंग डैम से पानी छोड़ने में कमी आई है, जिसके चलते जल्द ही ब्यास दरिया में जलस्तर कम हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पुराना शाला के सरकारी स्कूल में राहत कैंप स्थापित कर दिया गया है। मेडिकल, वेटरिनरी विभाग सहित अन्य टीमों की तैनाती कर दी गई है। जिला प्रशासन ने प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
हेल्पलाइन नंबर जारी
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1852 पर संपर्क किया जा सकता है। उधर, एसएसपी दयामा हरीश कुमार ओम प्रकाश भी पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण कर रहे हैं। एसएसपी के नेतृत्व में लगातार रेस्क्यू आपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने भी लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और दरिया के किनारों से दूर रहने की अपील की है।