दीपावली की रात पुतलीघर चौक में तीन दुकानों में आग लगने से अफरातफरी मच गई। मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग के 40 से ज्यादा कर्मचारियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सहायक डिवीजन फायर अधिकारी लवप्रीत सिंह ने बताया कि फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या पटाखे की वजह से लगी। दूसरी ओर कैंटोनमेंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि मामले की जांच जा रही है।
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9.30 बजे पुतलीघर चौक स्थित गुलाटी क्लाथ हाउस के अंदर से अचानक धुआं निकलने लगा। उन्होंने तुरंत दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी। 10 मिनट के भीतर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग काफी तेजी से फैल चुकी थी। कपड़े की दुकान लपटों से घिर चुकी थी। इस दौरान गुलाटी क्लाथ हाउस के पास वाली एक रेडीमेड की दुकान और चौहान आर्नामेंट्स के अंदर से आग की लपटें निकलनी शुरू हो गईं। तीनों दुकानों के अंदर रखा सामान जलकर राख हो चुका है। दुकानों के अंदर रखे कपड़े, गत्ते और प्लास्टिक लिफाफों से आग तेजी से भड़की।
दिवाली की रात महानगर में 19 जगहों पर आगजनी की घटनाएं हुईं। सबसे पहले 7.57 मिनट पर दमकल विभाग में लारेंस रोड स्थित एक पार्क में घास में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। इसके बाद जहाजगढ़ के कबाड़ और तरनतारन रोड पर एक घर में मामूली आग लगी। छेहरटा, खासा, गोल्डन एवेन्यू, कबीर पार्क, भाइ मंझ सिंह रोड, सुल्तानविंड रोड और वृंद्धावन गार्डन में भी लगी आग पर दमकल विभाग ने काबू पाया।
पठानकोट के शास्त्री नगर में दिवाली की रात भयंकर आग लगने से दुकानदार का लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। थाना 1 पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यूनीक रिपेयर शॉप के मालिक सुमेश ने बताया कि बीती रात वह दुकान पर पूजा करने के बाद घर चले गए। कुछ घंटों बाद मार्केट के अन्य दुकानदारों ने फोन पर सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लगी है। जब तक वह पहुंचे तो आग फैल चुकी थी। स्थानीय दुकानदारों की मदद से दुकान का ताला तोड़ा और अंदर पानी फेंकना शुरू किया। थोड़ी देर बाद दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया। तब तक दुकान का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
पटाखे की चिंगारी से लगी घर में आग, सामान जल कर राख
जालंधर में पटाखे की एक चिंगारी से घर में लगी आग ने भंयकर रूप धारण कर लिया। इससे घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। आग में एक अपाहिज व्यक्ति फंस गया, जिसको इलाके के लोगों ने बड़ी ही मुश्किल से घर से बाहर निकाला।
यह घटना जालंधर के इलाके किला मोहल्ला की है, जहां पर किरण नामक व्यक्ति के घर में आग लगी। बताया जा रहा है कि घर में बच्चे पटाखे चला रहे थे, जिसके चलते घर में आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही इलाके के लोग इकट्ठा हुए और यहां के रहने वाले मोनू पुरी ने फायर बिग्रेड को फोन किया। इसके अलावा उन्होंने इलाके में रहने वाले लोगों के सहयोग से आग बुझाने का कार्य जारी रखा। इस दौरान इस आग में फंसे अपाहिज युवक को बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने से घर में पड़ा हजारों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।