पानीपत में फैक्टरी में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
पानीपत के काबड़ी रोड पर ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक एलईडी बनाने वाली फैक्टरी में शुक्रवार रात 2 बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। वर्कर ने फैक्टरी मालिक को सूचना दी। मालिक मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। इसके बाद मालिक ने दमकल विभाग में सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन शनिवार शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस दौरान एक दमकल कर्मी मामूली रूप से झुलस गया।
फैक्टरी मालिक श्याम मिगलानी ने बताया कि उसकी काबड़ी रोड ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में एलईडी बनाने की फैक्टरी है। वह शुक्रवार रात करीब 8 बजे फैक्टरी से घर गए थे, रात करीब 2 बजे वर्कर ने फोन कर आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो आग की लपटें बढ़ चुकी थी। जिसके बाद उन्होंने दमकल विभाग में फोन कर आग लगने की सूचना दी। करीब 15 मिनट में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
आग लगने से जर्जर होकर गिरी तीन मंजिला फैक्टरी की इमारत
शुक्रवार रात 2 बजे से लेकर अगले दिन दोपहर 12 बजे तक दमकल की तीन गाड़ियां करीब 80 से ज्यादा चक्कर लगा चुकी थी, लेकिन अभी तक पूर्ण रूप से आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग लगने के कारण फैक्टरी की इमारतें जर्जर होकर गिर पड़ी, गनीमत रही कि आग बुझा रहे दमकल कर्मी बच गए।
पांच करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका
फैक्टरी मालिक ने बताया कि एलईडी बनाने की सभी मशीनें विदेश से मंगाई थीं। वहीं उनका कुछ माल बनकर तैयार था। आग लगने से उनका सब माल और मशीनें जलकर खाक हो गई। फैक्टरी की इमारतें भी गिर चुकी है। अभी तक कुल नुकसान का एस्टीमेट नहीं बनाया है लेकिन आशंका है कि करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का उनका नुकसान हुआ है।
इमारत गिरने से आग बुझाने में दमकल कर्मियों को आ रही दिक्कतें
फैक्टरी जी+2 (ग्राउंड+ 2 फ्लोर) बनी है, जिसका लेंटर और इमारत दोनों गिर चुकी है इसी वजह से दमकल कर्मियों को आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उम्मीद है जल्द आग पर काबू पा लिया जाएगा। - यादवेंद्र शर्मा, दमकल अधिकारी