चंडीगढ़। सेक्टर-23 में एक ही परिवार के दो घरों के दरवाजे तोड़कर चोर दो लाख की नकदी और 15 तोले सोना ले उड़े। इसका खुलासा तब हुआ जब सोमवार शाम को परिवार के लोग दिल्ली से घर लौटे। परिवार दिल्ली में बेटी की सालगिरह पार्टी में शामिल होने गया था। चोरों ने घर का एसी भी चला रखा था। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-39 निवासी अरुण राणा ने बताया कि सेक्टर-23 स्थित गुरुद्वारे के पीछे कोठी में दूसरी मंजिल पर उनके ससुर गुलजारी लाल रहते हैं। पहली मंजिल पर उनके चाचा प्यारे लाल और ग्राउंड फ्लोर पर उनके ताया चिरंजीलाल रहते हैं। चिरंजीलाल की बेटी की सालगिरह थी। शनिवार को तीनों परिवार दिल्ली में बेटी की सालगिरह की पार्टी में शामिल होने चला गया। वह सोमवार शाम को वापस चंडीगढ़ लौटे तो देखा दो लाख रुपये की नकदी, 15 तोले सोना, ऑर्टिफिशियल ज्वैलरी समेत अन्य सामान गायब था। वहीं दूसरी मंजिल पर दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। घर से नकदी और कीमती सामान गायब था।
घटना की सूचना मिलने के बाद डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। सेक्टर-22 चौकी प्रभारी सुरिंदर कुमार ने बताया कि घर के बाहर कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हुए हैं। गुरुद्वारे के मेन गेट पर कैमरे हैं, लेकिन उसमें कुछ दिखाई नहीं दे रहा। घर के पास एक कोठी में कैमरे लगे हैं, लेकिन यह कोठी भी काफी दूर है। पुलिस अब घटनास्थल का डंप डाटा उठा रही है। अरुण का कहना है कि आरोपी पहले मेन गेट से कूदकर अंदर आए। इसके बाद पहली मंजिल पर एल्युमीनियम के दरवाजे में लगे शीशे को तोड़कर अंदर घुसे।