सवाल: पिछले कुछ सालों में खिलाड़ियों में आपराधिक प्रवृत्ति बढ़ी है, इसे रोकने की क्या योजना है?
जवाब: खेल और खिलाड़ी दोनों ही अनुशासन से चलते हैं। जहां अनुशासन नहीं वहां खिलाड़ी खत्म हो जाता है। हमारी योजना है कि खिलाड़ियों को अपराध की दुनिया से दूर रखने के लिए मेंटल हेल्थ कोच रखे जाएंगे। ये कोच लगातार खिलाड़ियों के संपर्क में रहेंगे और उनकी मनोदशा पढ़कर सही रास्ता दिखाने का काम करेंगे।
सवाल: कोई बड़ा और नया स्टेडियम बनाने की योजना है?
जवाब: पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में बहुत काम हुआ है। अब रोहतक के स्टेडियम पर काम चल रहा है। इसके अलावा, सोनीपत, भिवानी, फरीदाबाद और गुरुग्राम के स्टेडियम में सुधार किया जा रहा है। जरूरत के मुताबिक नए खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं।
सवाल: जख्मी खिलाड़ियों के लिए सरकार क्या कर रही है?
पंचकूला में स्पोर्ट्स इंजरी पुनर्वास केंद्र स्थापित हो चुका है। इसके बाद प्रदेश में चार और ऐसे ही केंद्र स्थापित किए जाएंगे। हमारा प्रयास है कि ये केंद्र हरियाणा की चारों दिशाओं में स्थापित हों, ताकि किसी भी जिले के खिलाड़ी को अधिक दूर न जाना पड़े।
सवाल: खेल प्रतियोगिताओं में व्यवस्थाएं नहीं होतीं, इसे कैसे सुधारेंगे?
जवाब: जिला खेल अधिकारी के पास कई तरह के काम होते हैं। इसलिए सरकार ने फैसला लिया है कि प्रतियोगिताओं के लिए खेल मैनेजर रखे जाएंगे। सभी 22 जिलों में यह प्रतियोगिताओं के पुख्ता प्रबंध करेंगे।
सवाल: अखाड़ों को रजिस्टर्ड करने की योजना का क्या हुआ?
जवाब: इसको लेकर अखाड़ा संचालक और कई बड़े पहलवान मुझसे मिले थे। इस पर मंथन चल रहा है। खिलाड़ियों के हित को देखते हुए जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।
सवाल: नए स्टेडियम खोलने के लिए क्या पैमाने हैं?
जवाब: पहले राजनीतिक तौर पर स्टेडियम बनाए जाते थे लेकिन हमने इस परंपरा को बदला है। हम खिलाड़ी को स्टेडियम और स्टेडियम को खिलाड़ी देने की योजना पर काम कर रहे हैं। जिओ मैपिंग के आधार पर नए स्टेडियम और खेल दिए जा रहे हैं, जहां पर जिस खेल की रुचि होती है, उसी हिसाब से वहां पर खेल दिए जा रहे है।
सवाल : फर्जी खेल एसोसिएशन पर कैसे रोक लगाएंगे?
जवाब: सबसे पहले तो खिलाड़ियों को ही ऐसे संगठनों से बचना चाहिए। दूसरा, सरकार भी ऐसे संगठनों पर नजर रखती है। एक ही खेल की दो-दो एसोसिएशन होने से खिलाड़ियों को नुकसान उठाना पड़ता है। एसोसिएशन को भी खुद सोचना चाहिए कि वह खिलाड़ियों के नुकसान के बजाय भलाई में काम करें।
सवाल: नए साल में हरियाणा के खिलाड़ियों को क्या तोहफा मिलेगा
जवाब: नए साल में हरियाणा खेल अकादमी की सौगात दी जाएगी। पंचकूला में 200 खिलाड़ियों के लिए छात्रावास तैयार किया जाएगा। यहां पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं दी जाएंगी और उच्च प्रशिक्षकों के साथ रहकर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को और निखार सकेंगे।