पंजाब के तरनतारन जिले के कस्बा हरिके पत्तन में बुधवार रात को बदमाशों ने पूर्व सैनिक सुखदेव सिंह (60) व उनकी पत्नी राजबीर कौर को तेजधार हथियारों से काटकर मौत के घाट उतार दिया। घर में मौजूद पूर्व सैनिक की बेटी और पुत्रवधू को स्टोर में बंधक बनाकर लाइसेंसी राइफल, चार अंगुठियां और कीमती घड़ी लूट ली। यह घटना थाना हरिके पत्तन से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई। पुलिस ने गुरुवार को शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विधानसभा क्षेत्र पट्टी के कस्बा हरिके पत्तन निवासी पूर्व सैनिक सुखदेव सिंह पंचायत सदस्य भी थे। सुखदेव सिंह का बेटा विदेश में रहता है। सुखदेव सिंह अपनी पत्नी राजबीर कौर, बेटी सिमरनपाल कौर व पुत्रवधू संदीप कौर के साथ रहते थे। बुधवार रात को सुखदेव सिंह कुर्सी पर बैठे टीवी देख रहे थे। वहीं पत्नी राजबीर कौर पुत्रवधू और बेटी दूसरे कमरे में थीं।
रात करीब एक बजे बदमाश घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने कुर्सी पर बैठे पूर्व सैनिक सुखदेव सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। इस दौरान बेटी सिमरनपाल कौर व पुत्रवधू संदीप कौर को रस्सियों से बांधकर स्टोर में बंद कर दिया। दूसरे कमरे में सो रही राजबीर कौर को भी मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने घर की तलाशी ली।
तलाशी में 12 बोर की लाइसेंसी राइफल, चार अंगूठी, कीमती घड़ी व अन्य सामान लूट लिया। यह घटना थाना हरिके पत्तन से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई, परंतु पुलिस को रातभर खबर नहीं हो पाई। हैरानी की बात है कि हरिके पत्तन स्थित पट्टी चौक, बर्ड सेंचुरी कार्यालय, रेस्ट हाउस व हरिके हेड वर्क्स के अलावा जम्मू-कश्मीर, राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग पर रात को नाकाबंदी और गश्त भी होती है।
गुरुवार सुबह सब डिवीजन पट्टी के डीएसपी सतनाम सिंह, थाना हरिके पत्तन के प्रभारी हरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूर्व सैनिक सुखदेव सिंह की बेटी सिमरनपाल कौर, पुत्रवधू संदीप कौर से पूछताछ शुरू कर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर फिंगर प्रिंट माहिर व डॉग स्क्वॉयड की टीम को भी बुलाया गया।