अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की अनुशासन समिति ने मंगलवार को बागी नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में मंगलवार को अनुशासन समिति के चेयरमैन बलविंदर सिंह भूंदड़ के नेतृत्व में बैठक हुई। इसमें समिति के सदस्य महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल और गुलजार सिंह राणिके मौजूद रहे।
शिरोमणि अकाली दल की अनुशासन समिति ने जिन बागी नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया है, उनमें आठ सीनियर लीडर शामिल हैं। इनमें गुरप्रताप सिंह वडाला, बीबी जागीर कौर, प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, परमिंदर सिंह ढींडसा, सिकंदर सिंह मलूका, सुरजीत सिंह रखड़ा, सुरिंदर सिंह ठेकेदार और चरणजीत सिंह बराड़ का नाम शामिल है। बता दें ये आठ बागी नेता बीते कई दिनों से शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को अध्यक्ष पद से हटाए जाने की मांग कर रहे थे। इसके अलावा सात विधानसभा हलका इंचार्ज को भी पार्टी से निष्कासित किया गया है।