बैंकों से ऋण लिया लेकिन दूसरी जगह किया इस्तेमाल
ईडी ने पिछले साल सितंबर में संगरूर में तारा हवेली, तारा कॉन्वेंट स्कूल, तारा गोल्डन होम्स और मालेरकोटला में तारा फीड इंडस्ट्री के परिसरों पर दबिश दी थी। सूत्रों से पता चला है कि तारा कॉर्पोरेशन लिमिटेड इन सभी व्यावसायिक उपक्रमों की मूल कंपनी है और इसका स्वामित्व गज्जनमाजरा, उनके भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के पास है। उनके परिवार के सदस्यों ने 2011 और 2014 के बीच कई ऋण लिए थे लेकिन ईडी और सीबीआई की जांच के अनुसार, ऋण का उपयोग उस उद्देश्य के लिए नहीं किया गया था, जिसके लिए बैंक से पैसा लिया गया था। जिस समय ऋण लिया गया था, उस समय गज्जनमाजरा कंपनियों के निदेशकों में से एक थे।
फर्म ने अपने निदेशकों के माध्यम से अपने स्टॉक को छिपाया और गलत इरादे से ऋणों में हेरफेर किया। इससे बैंक को करीब 40.92 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। गज्जनमाजरा को जालंधर के ईडी कार्यालय लाया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पहले ही ईडी ने मोहाली से आप विधायक कुलवंत सिंह के यहां दबिश दी थी। एक सप्ताह बाद ईडी ने पंजाब में आप विधायक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब आम आदमी पार्टी ईडी की कार्रवाई को लेकर हल्ला मचा रही है।
वर्करों ने टीम से की हाथापाई
सूत्रों के अनुसार ईडी टीम के दो अधिकारी सादे कपड़ों में गज्जनमाजरा के पीए के पास पहुंचे और उनको बताया कि लुधियाना से विधायक कुलवंत सिंह ने उनको विधायक के साथ बैठक के लिए भेजा है। इस तरह वह दफ्तर में दाखिल हो गए। फिर टीम के चार और सदस्य आए और गज्जनमाजरा को अकेले बात करने के लिए मना लिया। इस दौरान पार्टी वर्करों को शक हुआ तो उन्होंने टीम के साथ हाथापाई भी की।
मजीठिया बोले- सारे फड़े जाणगे...सारे फड़े जाणगे
आप विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा की गिरफ्तारी पर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी चुटकी ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि अपने आप को कट्टर ईमानदार बताने वाली पार्टी का एक और विकेट गिरा। अमरगढ़ के आप विधायक जसवंत सिंह गज्जनमाजरा को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। चिंता नहीं लाला जी केजरीवाल साहिब नंबर आपका भी लगना है, पंजाब वालों की भी तैयारी है। आखिर में उन्होंने पंजाबी गाने सारे फड़े जाणगे...सारे फड़े जाणगे... के बोल लिखकर अपनी बात को विराम दिया।